छठ पूजा के लिए तैयार हुए गुरुग्राम के घाट, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर निगम ने किए व्यापक प्रबंध

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 नवंबर को मनाई जाएगी छठ पूजा, नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर सभी संबंधित जोन में घाटों की सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने की व्यवस्था

गुरुग्राम, 14 नवंबर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर निगम गुरुग्राम द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 15 नवंबर को आयोजित होने वाले छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी छठ पूजा घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके लिए निगम के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष प्रबंध करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय द्वारा 13 नवंबर को जारी निर्देशों के अनुसार सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले छठ पूजा घाटों पर समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए कहा गया था। कार्यों के सुचारू क्रियान्वयन के लिए संबंधित फील्ड अधिकारियों और अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

घाटों की सफाई और जल निकायों की तैयारी पर विशेष ध्यान

नगर निगम द्वारा सभी छठ घाटों के परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। घाटों और जल निकायों की सफाई, आसपास जमा कचरा, मलबा और अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाने और पूजा के दौरान और उसके बाद भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

शहर के 24 घाटों पर की गई व्यवस्थाएं

नगर निगम द्वारा 24 छठ पूजा स्थलों को शामिल किया गया है। इनमें लेबर चौक सेक्टर-5, न्यू पालम विहार थाना बजघेड़ा, शक्ति पार्क, कन्हई गांव, देवीलाल कॉलोनी, सेक्टर-15 पार्ट-2, सूरत नगर फेज-2, कादीपुर कम्युनिटी सेंटर, सरस्वती एन्क्लेव, बसई तालाब, चक्करपुर गांव, शीतला माता मंदिर पार्किंग, ओम विहार, राजेंद्र पार्क, पंजेरी प्लांट सेक्टर-5, श्याम कुंज, मारुति कुंज, शिवा एन्क्लेव, देव नगर पार्ट-2, धनकोट, वाटिका सेक्टर-82, रायन एन्क्लेव और स्नेह विहार भोंडसी चंद्रशेखर पार्क सहित अन्य स्थल शामिल हैं। इन सभी स्थलों पर स्थानीय आवश्यकता के अनुसार सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

श्रद्धालुओं को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास

नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि छठ पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित घाट उपलब्ध हों। इसके लिए आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें