मधुमेह के प्रति किया जागरूक, शिविरों में जांची रक्त शर्करा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आयुष औषधालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर हुए कार्यक्रम; संतुलित आहार और नियमित योगाभ्यास अपनाने पर जोर

गुरुग्राम, 14 नवंबर। विश्व मधुमेह दिवस पर आयुष विभाग गुरुग्राम ने जिले के विभिन्न आयुष औषधालयों और नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य शिविरों एवं जागरूकता व्याख्यानों का आयोजन किया। शिविरों में लोगों की रक्त शर्करा की जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मधुमेह के शुरुआती लक्षणों की पहचान, समय पर जांच और नियमित चिकित्सकीय परामर्श के महत्व की जानकारी दी।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि मधुमेह एक दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्या है। समय पर पहचान, नियमित चिकित्सकीय परामर्श, संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से इसे बेहतर ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से खानपान में संतुलन रखने, योग एवं प्राणायाम को दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नियमित रक्त शर्करा जांच करवाने की अपील की।

कार्यक्रमों में चिकित्सकों ने बताया कि अनियमित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, बढ़ता वजन, मानसिक तनाव और अपर्याप्त नींद स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। उन्होंने अत्यधिक मीठे एवं परिष्कृत खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखने तथा भोजन में हरी सब्जियां, साबुत अनाज और पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने की सलाह दी।

दिनचर्या में शामिल करें पैदल चलना और व्यायाम

जागरूकता व्याख्यानों में स्वस्थ दिनचर्या, मौसम के अनुकूल रहन-सहन और संतुलित आहार पर चर्चा की गई। चिकित्सकों ने कहा कि उपचार के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाना भी जरूरी है। प्रतिभागियों को अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार पैदल चलने, व्यायाम करने और लंबे समय तक लगातार बैठे रहने से बचने के लिए प्रेरित किया गया। योग, प्राणायाम और ध्यान की तनाव प्रबंधन एवं समग्र स्वास्थ्य में सहायक भूमिका भी समझाई गई।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर महिलाओं और अन्य लाभार्थियों को परिवार में स्वस्थ खानपान की आदतें विकसित करने तथा बच्चों को पौष्टिक आहार देने के महत्व से अवगत कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि मधुमेह केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं है, इसलिए कम आयु के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक रहना चाहिए।

डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि आयुष विभाग उपचार के साथ रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जनजागरण पर भी ध्यान दे रहा है। इसी उद्देश्य से जिले के आयुष औषधालयों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच शिविर, योग सत्र तथा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें