प्रेम, परिवार, विरासत और सत्ता के बीच सोनिया गांधी का सफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में निजी स्मृतियों की आत्मीयता और राजनीतिक जीवन के अंतर्द्वंद्व

डॉ. घनश्याम बादल

सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ को केवल प्रेमकथा, पारिवारिक स्मृतियों या राजनीतिक आत्मकथा के रूप में देखना इसके व्यापक अर्थ को सीमित करना होगा। यह उनके प्रारंभिक जीवन से लेकर भारतीय राजनीति में प्रभावशाली भूमिका निभाने तक की लगभग छह दशक लंबी यात्रा का दस्तावेज है। इसमें प्रेम और अपनत्व की तलाश है, पारिवारिक त्रासदियों की पीड़ा है और राजनीतिक विरासत को सँभालने की चुनौती भी।

सात भागों में विभाजित पुस्तक के शुरुआती हिस्सों में निजी जीवन, प्रेम और पारिवारिक संबंध प्रमुख हैं। आगे बढ़ते हुए यही कथा राजनीतिक घटनाक्रमों से जुड़ती जाती है और अंतिम दो भागों में सोनिया गांधी का राजनीतिक व्यक्तित्व अधिक स्पष्टता से सामने आता है।

पहले भाग में इटली में बीते बचपन और कैम्ब्रिज में पढ़ाई का उल्लेख है। वर्ष 1965 में राजीव गांधी से मुलाकात, प्रेम और विवाह की ओर बढ़ते संबंध इस हिस्से को आत्मीय संस्मरण का स्वर देते हैं। एक सामान्य इतालवी परिवार की युवती का भारत के प्रथम प्रधानमंत्री के परिवार से जुड़े युवक के प्रेम में पड़ना और उसके साथ जीवन बिताने का निर्णय लेना केवल व्यक्तिगत संबंध की कहानी नहीं, बल्कि एक नए देश और संस्कृति की ओर बढ़ने की शुरुआत भी है।

दूसरे भाग में भारत आने के बाद भाषा, संस्कृति, खानपान और सामाजिक परिवेश से जुड़ी चुनौतियां सामने आती हैं। इंदिरा गांधी की बहू के रूप में परिवार में अपनी जगह बनाना, हिंदी सीखना, साड़ी पहनना और भारतीय जीवनशैली को समझना सोनिया के लिए नए अनुभव थे। इन प्रसंगों में भारतीय समाज से जुड़ने और उसमें अपनत्व तलाशने की उनकी इच्छा दिखाई देती है।

तीसरे भाग में पारिवारिक खुशियों के साथ दुखद घटनाओं का सिलसिला चलता है। राहुल और प्रियंका का जन्म, संजय गांधी की विमान दुर्घटना में मृत्यु और इंदिरा गांधी की हत्या जैसे प्रसंग जीवन के बदलते रंग सामने लाते हैं। आपातकाल और स्वर्ण मंदिर में हुई सैन्य कार्रवाई जैसे राजनीतिक घटनाक्रमों को भी सोनिया परिवार के अनुभवों के संदर्भ में देखती हैं। इंदिरा गांधी का चित्रण यहां प्रधानमंत्री के साथ-साथ मां, सास और परिवार की मुखिया के रूप में मिलता है।

चौथा भाग प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी के कार्यकाल पर केंद्रित है। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनका प्रधानमंत्री बनना, शासन की चुनौतियां, देश-विदेश की यात्राएं और सार्वजनिक जीवन के दबाव इसमें शामिल हैं। सोनिया अपने पति को मूलतः राजनीति से दूर रहने वाला व्यक्ति बताती हैं, जिसे परिस्थितियां देश का नेतृत्व सँभालने की ओर ले गईं। उनके वर्णन में राजीव का मानवीय पक्ष प्रमुख है। बोफोर्स विवाद जैसे प्रसंगों में भी लेखिका का भावनात्मक जुड़ाव स्पष्ट दिखाई देता है।

पांचवां भाग राजीव गांधी की हत्या और उसके बाद सोनिया के जीवन में आए निर्णायक बदलावों की कथा है। वर्ष 1991 में पति की हत्या के बाद दो बच्चों के साथ जीवन को नए सिरे से सँभालना उनके सामने बड़ी चुनौती थी। पुस्तक के वर्णन के अनुसार, इटली लौटने के पारिवारिक आग्रह के बावजूद उन्होंने भारत में रहने का निर्णय लिया।

इसके बाद धीरे-धीरे कांग्रेस के साथ उनका सक्रिय जुड़ाव बढ़ा। वर्ष 1997 में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता लेना और 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद सँभालना उनके जीवन के नए अध्याय बने। यहां राजनीतिक परिवार की सदस्य स्वयं नेतृत्व की भूमिका में प्रवेश करती दिखाई देती हैं।

राजनीतिक नेतृत्व और आत्ममूल्यांकन के प्रश्न

छठा भाग कांग्रेस के नेतृत्व की जिम्मेदारी सँभालने के बाद सोनिया गांधी की भूमिका को समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। संगठन को एकजुट रखने, पार्टी को पुनर्जीवित करने और चुनावी चुनौतियों का सामना करने के उनके प्रयास इसमें उभरते हैं।

वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के नेतृत्व में गठबंधन सरकार बनना और सोनिया गांधी का प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करना इस हिस्से का प्रमुख प्रसंग है। मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाए जाने तथा स्वयं पार्टी और गठबंधन के नेतृत्व की भूमिका निभाने के पीछे की सोच को वह अपने दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती हैं। राष्ट्रीय सलाहकार परिषद और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार से जुड़े प्रसंग औपचारिक पद तथा राजनीतिक प्रभाव के संबंधों पर विचार करने का अवसर देते हैं।

यहीं पाठक के मन में कुछ प्रश्न भी उठते हैं। प्रधानमंत्री पद स्वीकार न करने के निर्णय में व्यक्तिगत विश्वासों के साथ राजनीतिक परिस्थितियों और रणनीति की कितनी भूमिका थी? कांग्रेस की सत्ता में वापसी के बाद संगठन के भीतर लोकतांत्रिक और संस्थागत नेतृत्व कितना विकसित हुआ? पुस्तक इन प्रश्नों को लेखिका के दृष्टिकोण से समझने में मदद करती है, लेकिन उनकी आलोचनात्मक पड़ताल की गुंजाइश बनी रहती है।

सातवें भाग में पिछले दो दशकों के अनुभव, बदलता राजनीतिक परिदृश्य और कांग्रेस की स्थिति सामने आती है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का उभार, कांग्रेस की चुनावी पराजयें और विपक्ष की भूमिका पर सोनिया गांधी अपने विचार रखती हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा की विचारधारा से उनकी असहमति भी मुखर है।

राहुल गांधी की राजनीतिक यात्रा और भारत जोड़ो यात्रा के प्रसंगों के माध्यम से वह कांग्रेस के वैचारिक संघर्ष को प्रस्तुत करती हैं। उनके अनुसार, भारतीय लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और बहुलतावाद गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस के संगठनात्मक संकट, नेतृत्व संबंधी समस्याओं और सत्ता में रहते हुए हुई गलतियों पर वैसी विस्तृत आत्मालोचनात्मक दृष्टि नहीं मिलती, जैसी राजनीतिक विरोधियों के मूल्यांकन में दिखाई देती है।

पुस्तक के सातों भागों को एक साथ देखने पर सोनिया गांधी के व्यक्तित्व के तीन सूत्र उभरते हैं—परिवार के प्रति निष्ठा, कांग्रेस के प्रति प्रतिबद्धता और भारत में अपनत्व तथा पहचान की तलाश। विदेशी मूल को लेकर उठते सवालों के बीच भारत को अपना घर मानना और उसके सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभाना इस यात्रा के महत्वपूर्ण पक्ष हैं। फिर भी किसी समाज में घुलने-मिलने और उसकी राजनीतिक सत्ता तथा विरासत में स्थान प्राप्त करने की प्रक्रियाओं को अलग-अलग समझना आवश्यक है।

भाषा, प्रस्तुति और समीक्षा की कसौटी

पुस्तक की भाषा सहज, आत्मीय और संस्मरणात्मक है। साहित्यिक अलंकरणों तथा दार्शनिक जटिलताओं की अपेक्षा घटनाओं और अनुभवों की सरल प्रस्तुति पर जोर है। प्रेम, पारिवारिक संबंधों और व्यक्तिगत क्षति के प्रसंगों में भाषा अधिक भावपूर्ण हो जाती है, जबकि राजनीतिक घटनाओं का वर्णन अपेक्षाकृत संयमित है।

प्रस्तुति की प्रमुख विशेषता इसका कालक्रम है। पाठक जीवन के विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए लेखिका की परिस्थितियों और भूमिका में आए बदलावों को समझ पाता है। निजी संग्रह की तस्वीरें स्मृतियों को दृश्य रूप देती हैं। विशेष रूप से राजीव गांधी द्वारा खींची गई तस्वीरें और पारिवारिक जीवन की झलकियां कथा की आत्मीयता बढ़ाती हैं।

सजिल्द संस्करण, आवरण की साज-सज्जा और श्वेत-श्याम तस्वीरें पुस्तक को संग्रहणीय स्वरूप देती हैं। हालांकि किसी संस्मरण की साहित्यिक या ऐतिहासिक उपयोगिता का मूल्यांकन उसकी आकर्षक प्रस्तुति से आगे जाकर करना आवश्यक है।

पुस्तक का सबसे मजबूत पक्ष इसका निजी और मानवीय संसार है। इटली से भारत तक का सफर, राजीव गांधी के साथ प्रेम, इंदिरा गांधी से संबंध और पति की हत्या के बाद जीवन सँभालने का संघर्ष पाठक को बांधे रखते हैं। इन प्रसंगों में सार्वजनिक व्यक्तित्व के पीछे मौजूद संवेदनशील व्यक्ति दिखाई देता है।

इसकी सीमा राजनीतिक घटनाओं के मूल्यांकन में सामने आती है। कई स्थानों पर परिवार और पार्टी के प्रति लेखिका की निष्ठा आलोचनात्मक दूरी पर भारी पड़ती है। आपातकाल, 1984 की सिख विरोधी हिंसा, बोफोर्स और कांग्रेस शासन के अन्य विवादास्पद प्रसंगों पर अधिक आत्ममंथन की अपेक्षा बनी रहती है। भाजपा और नरेंद्र मोदी की राजनीति की आलोचना के मुकाबले कांग्रेस की विफलताओं का विश्लेषण अपेक्षाकृत सीमित प्रतीत होता है।

संस्मरण का महत्व व्यक्ति की स्मृतियों और अनुभूतियों में होता है, लेकिन इन्हें इतिहास का अंतिम निष्कर्ष नहीं माना जा सकता। राजनीतिक घटनाओं को समझने के लिए दूसरे स्रोतों, समकालीन अभिलेखों और अलग-अलग दृष्टिकोणों से तुलना आवश्यक है। इस पुस्तक को भी इसी समझ के साथ पढ़ना अधिक उपयोगी होगा।

‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ इतिहास के भीतर मौजूद एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार की निजी स्मृतियों का दस्तावेज है। यह एक विदेशी युवती के भारत में अपनत्व तलाशने, पारिवारिक त्रासदियों से गुजरने और अंततः देश की राजनीति में अपनी भूमिका बनाने की यात्रा प्रस्तुत करती है। इसमें प्रेम की गहराई और पीड़ा की संवेदना के साथ सत्ता की जटिलताएं तथा विरासत को सँभाले रखने की बेचैनी भी दर्ज है। इसकी उपलब्धि निजी अनुभवों की आत्मीयता में है; इसकी सीमा राजनीतिक आत्मालोचन के अधूरेपन में।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें