‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने भाजपा को घेरा, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए गांव-गांव जनजागरण का संकल्प

चंडीगढ़, 13 नवम्बर, 2026। लोकतंत्र की मजबूती, जनता के मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान’ के तहत हरियाणा में गांव-गांव चौपालों के माध्यम से जनसंवाद का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के दिशा-निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान के माध्यम से आमजन को वोट के अधिकार, मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पुनहाना (नूंह) विधानसभा क्षेत्र के जमालगढ़ एवं विधानसभा क्षेत्र बावल (रेवाड़ी) के कुंड मनेठी गांव में चौपाल का आयोजन किया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अभियान प्रभारी कृष्णा तीरथ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
चौपाल में वोट चोरी, मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है और इस अधिकार की रक्षा करना हर संवैधानिक संस्था की जिम्मेदारी है। मतदाता सूचियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता अनिवार्य है। किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटना नहीं चाहिए और न ही किसी अपात्र व्यक्ति को इसमें स्थान मिलना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर देशभर में उठ रही आशंकाओं का चुनाव आयोग को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। चुनाव आयोग की विश्वसनीयता उसके संवैधानिक पद से नहीं, बल्कि उसकी निष्पक्ष कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और जनता के विश्वास से स्थापित होती है। कांग्रेस ने दोहराया कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने तथा चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।
संजय दत्त ने कहा :
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के सामने वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में कथित हेराफेरी से जुड़े गंभीर सवाल उठा रहे हैं। हरियाणा में भी पिछले विधानसभा चुनाव के जनादेश को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है और उसकी पवित्रता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा और संबंधित पक्षों को खुली चुनौती दी है कि वे सामने आकर सार्वजनिक मंच पर इन मुद्दों पर बहस करें और तथ्यों के आधार पर जवाब दें। लेकिन भाजपा की ओर से इस चुनौती पर कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। भाजपा खुले मंच पर चर्चा से बच रही है, क्योंकि कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देने के बजाय वह जनता का ध्यान भटकाना चाहती है।
संजय दत्त ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा का व्यापक जनसंघर्ष है। हरियाणा के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र, ब्लॉक और गांव तक पहुंचकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। चौपालों के माध्यम से वोट चोरी, SIR और मतदाता सूचियों से जुड़े सवालों को जनता के बीच उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस का संकल्प है कि प्रत्येक नागरिक के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए यह अभियान गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचे।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए इस तरह की राजनीति कर रहे हैं। देश और प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था की बदहाली और सरकार की विफलताओं से परेशान है, लेकिन इन सवालों का जवाब देने के बजाय भाजपा ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा :
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की आवाज और उसके संवैधानिक अधिकार का प्रतीक है। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी होती है या किसी पात्र मतदाता को उसके मतदान के अधिकार से वंचित किया जाता है, तो यह सीधे तौर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है। इसलिए उसकी जिम्मेदारी है कि मतदाता सूची तैयार करने से लेकर चुनाव संपन्न कराने तक प्रत्येक प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो। SIR के नाम पर किसी भी पात्र मतदाता का नाम काटे जाने की आशंका को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और प्रत्येक मतदाता को अपने अधिकारों की रक्षा का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश कांग्रेस का प्रत्येक नेता और कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांवों में जाकर लोगों को जागरूक करें, मतदाता सूचियों की जांच करवाएं और किसी भी पात्र नागरिक के मताधिकार के साथ अन्याय होने पर मजबूती से आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को हरियाणा में एक व्यापक जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
कृष्णा तीरथ ने कहा :
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अभियान प्रभारी कृष्णा तीरथ ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की आत्मा है। देश के प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर मिलना चाहिए। वोट चोरी लोकतंत्र की बुनियाद पर सीधा प्रहार है और कांग्रेस पार्टी जनता के इस अधिकार के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करें। मतदाता सूचियों में अपने नाम की जांच करें और यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से हटाया गया है तो उसके खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक दलों की नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर पुनहाना में अभियान के ऑब्जर्वर एवं विधायक राजवीर फर्तिया, जिला अध्यक्ष शाहिद खान, चौधरी अख्तर हुसैन, इब्राहिम इंजीनियर, इरशाद चेयरमैन, साहबदीन सरपंच, सैफुल्लाह खान (ब्लॉक अध्यक्ष), मुबारक मलिक, रजाक खान, जमशेद खान, मोबिन, आरिफ, अख्तर हुसैन;
रेवाड़ी में पूर्व मंत्री एमएल रंगा, पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व मंत्री जसवंत बावल, जिला अध्यक्ष सुभाष छावड़ी, जिला अध्यक्ष पवन चौधरी, नीलम भगवासी, दीवान चौहान, मनोज, महेंद्र छाबड़ा, शकुंतला भदोरिया, रमेश ठेकेदार, दिनेश ठेकेदार, आशीष यादव, दिलीप, राजन सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।








