डीएलएसए ने भोंडसी के स्कूल में छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रति किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन नंबर 112 के बारे में दी जानकारी

गुरुग्राम, 13 नवंबर- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम की ओर से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोंडसी में पॉक्सो अधिनियम को लेकर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर माननीय पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के मार्गदर्शन तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए अध्यक्ष नरेंद्र सुरा के निर्देशन में आयोजित किया गया।

शिविर में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अधिनियम का उद्देश्य बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करना और ऐसे मामलों में बाल पीड़ितों के लिए सुरक्षित एवं बाल-अनुकूल न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।

उन्होंने विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अनुचित व्यवहार या घटना की स्थिति में बच्चों को बिना किसी डर या झिझक के अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए। ऐसी घटनाओं की सूचना संबंधित प्राधिकारियों तक पहुंचाना भी आवश्यक है।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर 24 घंटे सहायता उपलब्ध है। किसी बच्चे के साथ दुर्व्यवहार, शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में इस नंबर पर संपर्क कर मदद प्राप्त की जा सकती है। विद्यार्थियों को आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी भय या संकोच के इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें