पिस्तौल की बट, डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप; सेक्टर-40 थाना पुलिस कर रही जांच
गुरुग्राम, 14 नवंबर। पारिवारिक विवाद को लेकर बातचीत के दौरान पिता-पुत्र से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में सेक्टर-40 थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को 14 नवंबर को गांव सिलोखरा से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिलोखरा निवासी सतबीर शर्मा (57), प्रवीण शर्मा (53), दीपांकर शर्मा (22), पारस शर्मा (31) और दीपक शर्मा (36) के रूप में हुई है।
पुलिस को 13 नवंबर को दी शिकायत में एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2022 में सतबीर शर्मा की बेटी से हुई थी। अक्टूबर 2025 से उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही है। इसी विषय पर बातचीत के लिए सतबीर शर्मा ने 12 नवंबर को उसके पिता को अपने घर बुलाया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 नवंबर को वह अपने पिता के साथ बातचीत करने सिलोखरा पहुंचा।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद सतबीर शर्मा और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सतबीर शर्मा ने पिस्तौल की बट से उसके सिर पर वार किया, जबकि अन्य लोगों ने डंडों और धारदार हथियारों से दोनों पर हमला किया तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर सेक्टर-40 थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर दोनों पक्ष बातचीत के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ने पर मारपीट हुई। मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।








