बाल दिवस पर वानप्रस्थ ने बाँटी खुशियाँ, 220 बच्चों को स्वेटर देने का संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई राहें स्कूल के 50 बच्चों को भेंट किए स्वेटर और प्रेरक पुस्तकें; शेष 170 बच्चों को स्कूल पहुँचकर दिए जाएंगे स्वेटर

हिसार, 14 नवंबर। वानप्रस्थ सीनियर सिटीजन्स क्लब ने नई राहें स्कूल के जरूरतमंद बच्चों के साथ बाल दिवस मनाते हुए स्कूल के सभी 220 बच्चों को स्वेटर देने का संकल्प लिया। क्लब परिसर में आयोजित समारोह में शामिल 50 बच्चों को स्वेटर और देशभक्तों व राष्ट्रीय वीरों के जीवन पर आधारित प्रेरक पुस्तकें भेंट की गईं। शेष 170 बच्चों को स्कूल में जाकर स्वेटर वितरित किए जाएंगे।

समारोह में नई राहें स्कूल के निदेशक जगदीप भार्गव और अध्यक्ष मंजुला वासुदेवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बच्चों के आगमन पर डॉ. वीना मनोचा और डॉ. मंजू मेहता ने तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। वीना अग्रवाल के सौजन्य से बच्चों को प्रेरणादायक पुस्तकें प्रदान की गईं।

क्लब के महासचिव डॉ. जे.के. डांग ने बच्चों और अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों के साथ खुशियाँ बाँटना, उनका उत्साह बढ़ाना और आगे बढ़ने की प्रेरणा देना है। उन्होंने बच्चों को पढ़ने, खेलने, बड़े सपने देखने और मेहनत से उन्हें साकार करने का संदेश दिया। साथ ही सदस्यों से अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से बच्चों का मार्गदर्शन करने का आग्रह किया।

गीत, कविताओं और नृत्य से बच्चों ने बाँधा समाँ

मंच संचालन करते हुए सुनीता बहल ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज की जिम्मेदारी का उल्लेख किया।

बच्चों ने गीत, कविता और नृत्य की प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिए। राजबीर ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाल प्रेम और बाल दिवस के महत्व पर विचार रखे। चौथी कक्षा की छात्राओं दिवांशी, नैना, मानसी, आकांक्षा, रूपाली और मानवी ने प्रेरक समूह गीत प्रस्तुत किया। योगिता ने चाचा नेहरू पर कविता सुनाई, जबकि साक्षी ने ‘कृष्ण गोविंद’ भजन पर नृत्य किया।

तीसरी कक्षा की पूर्वी ने ‘मटक चालूँगी’ गीत पर नृत्य और चौथी कक्षा के वाशु ने ‘जलवा जलवा’ गीत प्रस्तुत कर तालियाँ बटोरीं। पार्वती, दृष्टि, वाशु, पूर्वी, विजयलक्ष्मी, गरिमा और सुनैना ने भी नृत्य प्रस्तुतियों में भाग लिया।

क्लब की सदस्य राज रानी मल्हान ने बच्चों के साथ ‘इंसाफ की डगर पे’ गीत प्रस्तुत किया। डॉ. कमलेश कुकरेजा ने बच्चों को समर्पित गीत सुनाया। डॉ. पुष्पा खरब और डॉ. इंदु गहलावत ने ‘आओ बच्चो तुम्हें दिखाएं’ गीत से देशप्रेम का संदेश दिया।

डॉ. सुनीता जैन के नेतृत्व में डॉ. सुनीता सुनेजा, डॉ. वीना मनोचा, डॉ. पुष्पा खरब, डॉ. मंजू मेहता, डॉ. इंदु गहलावत और डॉ. कमलेश कुकरेजा ने बच्चों के लिए मनोरंजक खेल आयोजित किए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चॉकलेट पाकर खुशी जताई।

वरिष्ठ नागरिक बच्चों की पढ़ाई और मार्गदर्शन में दें सहयोग

नई राहें स्कूल के निदेशक जगदीप भार्गव ने क्लब की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और ज्ञान नई पीढ़ी के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने सदस्यों से स्कूल में आकर बच्चों को विशेष रूप से अंग्रेजी और गणित पढ़ाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ समय बिताना, उनसे बातचीत करना और उनके मन की बात सुनना भी जरूरी है।

क्लब के प्रधान डॉ. एस.के. अग्रवाल ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और अपने सपने पूरे करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि वानप्रस्थ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सहयोग करता रहेगा।

डॉ. अग्रवाल ने आयोजन में सहयोग के लिए सुनीता बहल, डॉ. राजेंद्र जैन, डॉ. वीना अग्रवाल, डॉ. नीलम परुथी, अशोक खट्टर तथा सभी आयोजकों और सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद किया। बच्चों के साथ आए शिक्षक सुनीता रानी सभरवाल, अमन प्रीत, सुनीता यादव, वीना कात्याल और संगीता रानी के प्रति भी आभार जताया गया।

डॉ. पुष्पा खरब ने प्रस्तुतियाँ देने वाले दस बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप 200-200 रुपये के पुरस्कार दिए। डॉ. नीलम परुथी के सौजन्य से बच्चों और क्लब सदस्यों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। लगभग तीन घंटे चले समारोह में बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने मिलकर बाल दिवस की खुशियाँ बाँटीं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें