शाहपुर अवाल और बेवल की चौपालों में कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया पर उठाए सवाल
राव नरेंद्र सिंह बोले—मताधिकार की रक्षा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का सवाल

चंडीगढ़, 14 नवंबर। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत नारनौल विधानसभा क्षेत्र के गांव शाहपुर अवाल और अटेली विधानसभा क्षेत्र के गांव बेवल में आयोजित जनचौपालों में पार्टी नेताओं ने मतदाता सूचियों की पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता का मुद्दा उठाया। संजय दत्त ने भाजपा पर चुनाव संबंधी सवालों से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अपने वोट की ताकत पहचान चुकी है और अब सत्ता पक्ष जवाबदेही से नहीं बच सकता।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित चौपालों में ग्रामीणों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। सिहमा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया।
चुनावी प्रक्रिया पर उठे सवालों का तथ्यों के साथ जवाब मिले : दत्त

संजय दत्त ने कहा कि राहुल गांधी ने कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जो सवाल उठाए हैं, उनका जवाब तथ्यों और पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन सवालों का उत्तर देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के जनादेश को लेकर कांग्रेस शुरू से सवाल उठाती रही है। जनता का फैसला सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखना संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र में विपक्ष को सवाल पूछने का अधिकार है और सत्ता पक्ष को जवाब देना चाहिए।
दत्त ने कहा कि चौपालों में ग्रामीणों की भागीदारी मताधिकार के प्रति बढ़ती जागरूकता का संकेत है। कांग्रेस इस अभियान को प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा क्षेत्र, खंड और गांव तक पहुंचाएगी। लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और त्रुटियों के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था और अन्य जनसमस्याओं से लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े सवालों को उठाती रहेगी।
पात्र मतदाता का नाम न कटे, त्रुटि सुधारने का पूरा अवसर मिले : राव

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिक की राजनीतिक भागीदारी और संवैधानिक अधिकारों का आधार है। किसी पात्र नागरिक को मतदाता सूची से बाहर रखना अथवा उसके मतदान के अधिकार में बाधा पहुंचाना लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों के निर्माण, संशोधन और चुनाव संचालन में निष्पक्षता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए जाने की आशंकाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को सूची में अपना नाम जांचने और त्रुटि के विरुद्ध आपत्ति दर्ज कराने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूचियों की जांच के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी नागरिक के मताधिकार के साथ अन्याय होने पर कांग्रेस कार्यकर्ता उसकी आवाज बनें। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग भी की।
शाहपुर अवाल की चौपाल में पूर्व मंत्री जगदीश यादव, जिला अध्यक्ष सतबीर झुकिया, राव होशियार सिंह, सतपाल दहिया, बलदेव चहल, राकेश यादव, प्रदीप अधिवक्ता, कृष्ण राव, डॉ. राज सुनेश, अमर सिंह, मैनपाल, दिलीप सुमेर, विक्रम, राजकुमार, तोताराम कोली और विक्रम अवाना सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बेवल की चौपाल में पूर्व मंत्री जगदीश यादव, पूर्व संसदीय सचिव अनीता यादव, जिला अध्यक्ष सतबीर झुकिया, राव होशियार सिंह, कृष्ण राव, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप, सुमेर प्रधान, दिलीप चेयरमैन, रामकिशन, तोताराम, राजन, सीमा, अजीत यादव, कमलेश सैनी, अनिल, अमर सिंह, विजय बोहरा, धर्मेश कौशिक और समर चेयरमैन सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।








