अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर मिलेगा अनुदान : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

45 एचपी या इससे अधिक क्षमता के ट्रैक्टर पर मिलेगा अनुदान, 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन

गुरुग्राम, 13 नवंबर। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर अनुदान प्रदान किया जाएगा। योजना के तहत 45 एचपी या इससे अधिक क्षमता वाले ट्रैक्टर पर अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र किसान विभाग के पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर 15 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ महावीर मलिक ने बताया कि योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में लाभार्थियों का चयन जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) के चेयरमैन एवं डीसी की अध्यक्षता में ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। इसके अलावा किसान के परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में परिवार के किसी सदस्य के नाम कृषि भूमि होना आवश्यक है। कृषि भूमि का राजस्व विभाग से सत्यापन करवाकर आवेदन के समय उसका विवरण ऑनलाइन अपलोड करना होगा।

उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ परिवार पहचान पत्र, पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, घोषणा पत्र तथा अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। योजना के तहत एक महत्वपूर्ण शर्त यह भी है कि पिछले पांच वर्षों के दौरान परिवार पहचान पत्र में दर्ज परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर ट्रैक्टर खरीद के लिए अनुदान प्राप्त किया गया है तो संबंधित किसान इस योजना के तहत अनुदान का पात्र नहीं होगा। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, गुरुग्राम अथवा सहायक कृषि अभियंता, गुरुग्राम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

डीसी ने पात्र अनुसूचित जाति के किसानों से अपील की कि वे योजना की शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़कर निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करें तथा सरकार की इस योजना का लाभ उठाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें