नगर निगम गुरुग्राम ने मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के तहत आयोजित की विशेष जागरूकता कार्यशाला, विद्यार्थियों को चार कूड़ेदानों के उपयोग और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने के लिए किया प्रेरित

गुरुग्राम, 13 नवम्बर। स्वच्छ हरित एवं प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के निर्माण में विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा मिशन प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के तहत दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) सेक्टर-45 में विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यशाला में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार ने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त शहर बनाने की शुरुआत प्रत्येक घर से होनी चाहिए। इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक परिवार अपने घर में ही कचरे का उचित पृथक्करण सुनिश्चित करे। उन्होंने विद्यार्थियों को गीले कचरे, सूखे कचरे, घरेलू हानिकारक कचरे तथा सैनिटरी कचरे के लिए अलग-अलग चार कूड़ेदानों का उपयोग करने के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि घर से ही कचरे का सही पृथक्करण होने पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। डॉ. नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी स्वयं प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता के संदेश को अपने घरों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि अनिल यादव ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने में हरियाली की महत्वपूर्ण भूमिका है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण के अनुकूल आदतें अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
नगर निगम गुरुग्राम की आईईसी विशेषज्ञ प्रिंका यादव ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, कचरे के उचित प्रबंधन, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली और वायु प्रदूषण की रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी शुरुआत घरों और व्यक्तिगत व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने से होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को कचरे का पृथक्करण करने, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचने तथा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।









