न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और पैरा लीगल वालंटियर्स ने किया योगाभ्यास
जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योग के प्रति किया गया जागरूक

गुरुग्राम, 21 जून-हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विकास सदन स्थित जिला न्यायालय परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश यशविंदर पाल सिंह तथा मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी रजत वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया।
योग शिविर में न्यायिक अधिकारियों, न्यायालय कर्मचारियों, पैनल अधिवक्ताओं तथा पैरा लीगल वालंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न योगासन व प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र का संचालन आयुष विभाग की योग प्रशिक्षक बबीता सिंह ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को योग, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाते हुए नियमित योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि योग से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक शांति मिलती है तथा जीवन में संतुलन बनाए रखने में सहायता मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है और स्वस्थ व तनावमुक्त जीवन के लिए एक प्रभावी माध्यम है। सभी प्रतिभागियों से नियमित योगाभ्यास करने का आह्वान किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपमंडलीय न्यायालय सोहना एवं पटौदी, जिला कारागार भोंडसी, बाल देखभाल संस्थानों, वृद्धाश्रमों तथा जिले के अन्य स्थानों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का संचालन पैनल अधिवक्ताओं और पैरा लीगल वालंटियर्स द्वारा किया गया, जिनके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को योग के महत्व और उसके लाभों के बारे में जागरूक किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण के लिए योग जैसी जनकल्याणकारी गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।









