कांग्रेस ने उठाए सुरक्षा इंतजामों पर सवाल, प्रभावित व्यापारियों को तत्काल मुआवज़ा देने और अग्निकांड की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

पटौदी। पटौदी की तिब्बत मार्केट में रविवार सुबह लगी भीषण आग ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और जम्मू-कश्मीर से आए गरीब व्यापारियों की वर्षों की मेहनत और उनकी रोजी-रोटी को तबाह कर दिया। आग में कंबल, स्वेटर और सर्दियों के गर्म कपड़ों सहित व्यापारियों का पूरा सामान जलकर राख हो गया। यह मार्केट 4 नवंबर को शुरू हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पटौदी विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस नेता एवं हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ये व्यापारी दूर-दराज के क्षेत्रों से अपने परिवारों का पालन-पोषण करने और मेहनत-मजदूरी से रोजी-रोटी कमाने के लिए यहां आए थे। उनकी पूरी पूंजी और आजीविका एक ही हादसे में खत्म हो गई। संकट की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी इन व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ी है।
पर्ल चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार, गुड़गांव जिला प्रशासन और पटौदी प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि जब व्यापारियों ने रामलीला कमेटी, पटौदी एसडीएम कार्यालय, पुलिस विभाग और अग्निशमन विभाग को सभी आवश्यक जानकारियां दे रखी थीं, तो फिर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए? मार्केट को अनुमति देने से पहले फायर सेफ्टी और आपातकालीन व्यवस्था की जांच की गई थी या नहीं?
उन्होंने कहा कि मौके पर दमकल की पांच गाड़ियां पहुंचने के बावजूद आग पर समय रहते काबू क्यों नहीं पाया जा सका? क्या प्रशासन ने इस तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए कोई पूर्व तैयारी की थी? इन सवालों का जवाब प्रशासन को देना होगा।

पर्ल चौधरी ने कहा कि पटौदी नगर परिषद और पटौदी अग्निशमन विभाग की कार्यशैली पहले से ही सवालों के घेरे में रही है। इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन की तैयारियों और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यदि समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए होते, तो शायद इन गरीब व्यापारियों को इतनी बड़ी आर्थिक तबाही का सामना नहीं करना पड़ता।
उन्होंने हरियाणा सरकार और गुड़गांव जिला प्रशासन से मांग की कि पूरे अग्निकांड की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, व्यापारियों के नुकसान का तत्काल आकलन किया जाए और प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक मुआवज़ा दिया जाए, ताकि वे दोबारा अपना कारोबार शुरू कर सकें।
घटनास्थल पर पटौदी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि चौहान, रमेश शर्मा खंडेवला, मिंटो धोलपोश, शास्त्री खड़खड़ी सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता और नेता सुबह ही पहुंच गए थे। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों से मुलाकात की और राहत एवं सहायता कार्यों में सहयोग किया।
पर्ल चौधरी ने कहा कि गरीब की मेहनत और उसकी रोजी-रोटी की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। केवल हादसे के बाद संवेदना व्यक्त करना पर्याप्त नहीं है, सरकार को प्रभावित व्यापारियों की आर्थिक मदद कर उन्हें फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।








