
गुरुग्राम, 21 जून, 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संत निरंकारी मिशन द्वारा रविवार प्रातः संत निरंकारी सत्संग भवन सेक्टर-31, बसई रोड एवं घामडोज, गुरुग्राम में विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सेवादल स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ‘निरोगी तन, निर्मल मन और जागृत आत्मा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों से अवगत हुए।
कार्यक्रम संत निरंकारी मंडल की कार्यकारिणी के सदस्य जोगिंदर मनचंदा जी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का सशक्त माध्यम है तथा नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक जागरूकता का भी आधार है।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) के अनुरूप प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने योग के माध्यम से शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति एवं आत्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। सभी ने स्वस्थ, संतुलित एवं आनंदमय जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया। अंत में कार्यक्रम का समापन मानव कल्याण, विश्व शांति एवं सद्भावना की प्रार्थना के साथ हुआ।









