अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आशीर्वाद गार्डन में उमड़ा जनसैलाब

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भक्ति, योग, अध्यात्म और सामाजिक एकता का बना भव्य संगम, 1200 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास

गुरुग्राम, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ज्योति पार्क स्थित आशीर्वाद गार्डन में पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुड़गांव के तत्वावधान में भव्य एवं दिव्य योग समारोह का आयोजन किया गया। योग, अध्यात्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता से ओतप्रोत इस आयोजन में लगभग 1000 से 1200 साधकों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवन और सनातन परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

कार्यक्रम का नेतृत्व महासंगठन के अध्यक्ष बोधराज सीकरी, प्रधान ओमप्रकाश कथूरिया तथा वरिष्ठ उपप्रधान प्रमोद सलूजा ने किया। आयोजन में डॉ. परमेश्वर अरोड़ा द्वारा संचालित ‘अथ सनातन योगस्थली’ तथा योगाचार्य राजपाल अहूजा द्वारा संचालित ‘ओम योग संस्थान’ की शाखा ‘तक्ष योगा’ का विशेष सहयोग रहा।

समारोह का शुभारंभ ईश्वर वंदना से हुआ। इसके पश्चात योगाचार्य राजपाल अहूजा ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं योग क्रियाओं का अभ्यास करवाते हुए उपस्थित जनसमूह को स्वास्थ्य और ऊर्जा का संदेश दिया। प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य एवं योग विशेषज्ञ डॉ. परमेश्वर अरोड़ा ने संतुलित जीवनशैली, योग और स्वास्थ्य के महत्व पर प्रेरणादायक विचार रखे, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।

कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चारण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य एवं बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों के प्रेरक प्रदर्शनों को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

अपने संबोधन में बोधराज सीकरी ने कहा कि योग की परंपरा भगवान शिव से प्रारंभ होकर योगीराज श्रीकृष्ण और महर्षि पतंजलि के माध्यम से सम्पूर्ण मानवता तक पहुंची है। आज योग विश्व के 205 देशों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक मान्यता दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संघचालक प्रताप सिंह ने योग के आध्यात्मिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को भारतीय संस्कृति, आत्मानुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया। गुरुग्राम महानगर संघचालक एवं समाजसेवी डॉ. अशोक दिवाकर तथा जगदीश ग्रोवर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति चंद्रशेखर तनेजा को उपस्थित होना था, किंतु अंतरराष्ट्रीय उड़ान स्थगित होने के कारण वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से आयोजकों और प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

कार्यक्रम की सफलता में रामलाल ग्रोवर, गजेंद्र गोसाईं, अनिल कुमार, युधिष्ठिर अलमादी, रमेश कामरा, किशोरी लाल दुडेजा तथा रवि मनोचा की विशेष भूमिका रही। महिला वर्ग से रचना बजाज, डॉ. अलका शर्मा, शालू वर्मा, नीतू सिंह और गीता ने उल्लेखनीय योगदान दिया।

इसके अतिरिक्त कोषाध्यक्ष संदीप, सुभाष ग्रोवर, सुभाष नागपाल, सतपाल नासा, विनोद वर्मा, पुष्पा नासा, रमेश कालरा, लीलू बुद्धिराजा, संजय तनेजा, हरीश चावला तथा सुभाष गांधी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सेवा और संगठन क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया।

समापन अवसर पर महासंगठन के प्रधान ओमप्रकाश कथूरिया ने सभी अतिथियों, योगाचार्यों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आयोजकों के अनुसार सरकारी कार्यक्रमों के अतिरिक्त गुरुग्राम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी वाला यह संभवतः सबसे बड़ा सामुदायिक योग आयोजन रहा।

राष्ट्रगान, हनुमान चालीसा पाठ और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। ‘अथ सनातन योगस्थली’ के साधकों का सहयोग विशेष रूप से सराहनीय रहा। यह आयोजन योग, अध्यात्म, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक संदेश देकर लोगों के मन में लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!