मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले ऑस्ट्रेलिया के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री के साथ खेला क्रिकेट

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर बहुत अच्छा लगा – माइकल क्लार्क

हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, यहां से और भी बेहतरीन क्रिकेटर निकल सकते हैं – माइकल क्लार्क

चंडीगढ़, 9 जून – ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से संत कबीर कुटीर में शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों ने क्रिकेट एवं खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की तथा मुख्यमंत्री और माइकल क्लार्क ने क्रिकेट भी खेला।

मुलाकात के दौरान माइकल क्लार्क ने मुख्यमंत्री के खेल प्रेम और क्रिकेट के प्रति उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को एक गेंद फेंकी और मुख्यमंत्री ने उस पर शानदार छक्का जड़ दिया।

माइकल क्लार्क ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंध अत्यंत महत्वपूर्ण हैं तथा दोनों देशों के बीच खेलों के माध्यम से सहयोग और अधिक मजबूत हो सकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेल प्रतिभाओं की भूमि है और यहां अनेक विश्वस्तरीय खिलाड़ी तैयार हुए हैं। उन्हें विश्वास है कि राज्य में क्रिकेट की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और भविष्य में यहां से और भी उत्कृष्ट क्रिकेटर सामने आएंगे।

उन्होंने कहा कि वह हरियाणा में अधिक समय बिताने के इच्छुक हैं ताकि राज्य के युवा खिलाड़ियों को अपने अनुभव का लाभ दे सकें। उन्होंने कहा कि भविष्य  में क्रिकेट अकादमी स्थापित करने की संभावना पर भी विचार किया जा सकता है। माइकल क्लार्क ने कहा कि वह युवा ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भारत लाने के साथ-साथ भारतीय खिलाड़ियों को भी ऑस्ट्रेलिया ले जाने की दिशा में कार्य करना चाहते हैं, ताकि दोनों देशों के युवा क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सीखने और अनुभव प्राप्त करने के अधिक अवसर मिल सकें।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने माइकल क्लार्क का हरियाणा में स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का मार्गदर्शन राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

इस अवसर मुख्यमंत्री के पॉलीटिकल एडवाइजर श्री तरुण भंडारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!