जल संरक्षण एवं नियम अनुपालन को लेकर नगर निगम गुरुग्राम की सख्ती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पानी के दुरुपयोग, अवैध कनेक्शन और दोषपूर्ण मीटरों पर चलेगा विशेष अभियान

गुरुग्राम, 19 मई। नगर निगम गुरुग्राम ने शहर में जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा पेयजल के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। निगम प्रशासन द्वारा पानी के दुरुपयोग, अवैध एवं अनधिकृत कनेक्शनों तथा दोषपूर्ण मीटरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ पानी के कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जाएगी।

नगर निगम द्वारा जारी जनहित सूचना में सभी उपभोक्ताओं से जल संरक्षण नियमों का पालन करने और अपने पानी के कनेक्शन एवं मीटरों को नियमानुसार अपडेट कराने की अपील की गई है।

दोषपूर्ण मीटर मिलने पर लगेगी पेनल्टी

नगर निगम के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के पानी के मीटर दोषपूर्ण पाए जाएंगे, उन पर 1000 रुपए की पेनल्टी लगाई जाएगी। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मीटर को ठीक नहीं कराया गया, तो संबंधित उपभोक्ता का पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा।

पानी के दुरुपयोग पर सख्त कार्रवाई

निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेयजल का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ पहले 2000 रुपए का चालान किया जाएगा। यदि इसके बाद भी संबंधित उपभोक्ता दोबारा पानी का दुरुपयोग करता पाया गया, तो बिना किसी पूर्व सूचना के उसका पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा।

विशेष रूप से नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि पीने के पानी का उपयोग कार धोने, सड़क साफ करने अथवा अन्य गैर-आवश्यक कार्यों में पाइप के माध्यम से न करें। ऐसा करते पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

निर्माण कार्यों में पीने के पानी के उपयोग पर रोक

नगर निगम ने निर्माण गतिविधियों में पीने के पानी के उपयोग को लेकर भी सख्ती दिखाई है। निगम के अनुसार यदि कोई व्यक्ति निर्माण कार्य में पीने के पानी का उपयोग करता पाया जाता है, तो उसका पानी का कनेक्शन तत्काल प्रभाव से काट दिया जाएगा। निर्माण कार्यों के लिए केवल एसटीपी के पानी के उपयोग की अनुमति होगी।

अवैध कनेक्शनों पर चलेगा अभियान

नगर निगम द्वारा अवैध एवं अनधिकृत पानी के कनेक्शनों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जाएंगे। निगम प्रशासन ने नागरिकों से जल्द से जल्द अपने पानी के कनेक्शन नगर निगम में रजिस्टर कराने की अपील की है।

इसके अलावा घरेलू, कमर्शियल, इंस्टिट्यूशनल एवं इंडस्ट्रियल यूनिट्स में बिना मीटर के पानी कनेक्शन पाए जाने पर भी पॉलिसी के अनुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुराने अथवा खराब मीटरों को तुरंत बदलवाने या ठीक करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

वेबसाइट पर करें मीटर रजिस्ट्रेशन

नगर निगम गुरुग्राम ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी पानी की मीटर डिटेल्स निगम की वेबसाइट www.mcg.gov.in पर अपडेट करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

शिकायत एवं सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

यदि किसी क्षेत्र में पानी का दुरुपयोग या अवैध कनेक्शन दिखाई देता है, तो नागरिक इसकी सूचना निगम प्रशासन को दे सकते हैं। इसके लिए निगम ने व्हाट्सएप नंबर 7840001817 तथा टोल-फ्री नंबर 1800-180-1817 जारी किए हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के जेई अथवा असिस्टेंट इंजीनियर कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!