महापौर कार्यालय में आयोजित हुआ जनता दरबार एवं प्रॉपर्टी टैक्स कैंप, रविवार को भी रहेगा जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नागरिकों को एक ही स्थान पर मिल रही विभिन्न निगम सेवाओं की सुविधा, प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़े कार्यों का भी हो रहा समाधान

महापौर राजरानी मल्होत्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का मौके पर किया जाए समाधान

गुरुग्राम, 16 मई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए शनिवार को महापौर कार्यालय, भीम नगर, गुरुग्राम में विशेष जनता दरबार एवं प्रॉपर्टी टैक्स कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप रविवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान नागरिकों को विभिन्न निगम सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध कराई गई।

महापौर राजरानी मल्होत्रा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जनता दरबार का आयोजन दोनों दिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक किया जा रहा है। कैंप में नागरिक प्रॉपर्टी टैक्स, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड सहित विभिन्न दस्तावेजों से संबंधित कार्यों एवं समस्याओं का समाधान करवा रहे हैं। इसके अलावा प्रॉपर्टी टैक्स एवं पानी के बिलों की अदायगी तथा पानी के मीटर लगाने से संबंधित कार्य भी मौके पर ही किए जा रहे हैं।

महापौर ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समय पर जनता दरबार में उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सेवाओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना तथा सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।

इसी कड़ी में नगर निगम गुरुग्राम के जोन-2 द्वारा विशेष प्रॉपर्टी टैक्स कैंप भी आयोजित किया जा रहा है। कैंप के माध्यम से प्रॉपर्टी डेटा में सुधार, नई प्रॉपर्टी आईडी बनवाने तथा प्रॉपर्टी टैक्स जमा कराने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार इस कैंप में संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित की गई है, ताकि नागरिकों को बिना किसी असुविधा के सेवाएं मिल सकें। कैंप स्थल पर प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

नगर निगम गुरुग्राम ने स्थानीय पार्षदों एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अधिक से अधिक नागरिकों को इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे कैंप में आते समय आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं संपत्ति संबंधी दस्तावेजों की सॉफ्ट कॉपी साथ लेकर आएं, ताकि कार्यों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके।

शनिवार को आयोजित हुए कैंप के दौरान प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी 20, पेयजल आपूर्ति संबंधी 10, आधार संबंधी 33, पीपीपी संबंधी 35, जन्म प्रमाण पत्र संबंधी 2, भुगतान संबंधी 22 तथा आयुष्मान कार्ड संबंधी 13 मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!