कार्यक्रम में श्वेता दुबे व टीम ने दी मनमोहक प्रस्तुति
श्रीलंका के कलाकारों के पारंपरिक नृत्य ने दर्शकों को संस्कृति से कराया रूबरू


गुरुग्राम, 19 अप्रैल– कलाग्राम द्वारा प्रस्तुत ‘चाय चौपाल’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता दुबे और उनकी टीम ने शानदार संगीतमय प्रस्तुति दी। हार्मोनियम पर ज़ाकिर ढोलपुरी, तबला पर फ़ज़ल ढोलपुरी और सारंगी पर आरिश फैसल ने बेहतरीन संगत कर कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाया।

आयोजकों ने डीसी उत्तम सिंह, डीपीआरओ बिजेंद्र कुमार और कलाग्राम के डायरेक्टर का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से गुरुग्राम में ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्रीलंका से आए कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुति रही, जिन्होंने अपने पारंपरिक नृत्य के माध्यम से दर्शकों को अपनी संस्कृति की झलक दिखाई और माहौल को रंगीन बना दिया। उपस्थित श्रोताओं ने इस संगीतमय आयोजन का भरपूर आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।
इस अवसर पर डायरेक्टर शिखा गुप्ता ने सभी को संबोधित करते हुए ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से जुड़े रहने और कलाकारों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन कल्चरल मैनेजर आकांक्षा अंशु एवं कमेटी मेंबर्स मोहन कांत, मीनाक्षी पांडे और प्रीति सिंह ने सफलतापूर्वक किया।









