फूलों की होली में झूमे वरिष्ठ नागरिक, गीत-भजनों से गूंजा सामुदायिक भवन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केसरी क्लब गुरुग्राम शाखा का सांस्कृतिक आयोजन, जन्मदिन मनाकर दिया सम्मान

गुरुग्राम। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब, गुरुग्राम शाखा द्वारा माह के चौथे शनिवार को सैक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के प्रधान एवं फोरबा के चेयरमैन धर्मसागर ने की। आयोजन में वरिष्ठ नागरिकों ने फूलों की होली खेलकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत मंच संचालक डीएन कवातरा ने गायत्री मंत्र के साथ की। प्रधान धर्मसागर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि अपनों के साथ मिलकर खुशियां बांटने का पर्व है। समाज में भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे के जीवन में खुशियों के रंग भरने का संदेश इस पर्व से मिलता है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और संस्कार ही हमारी परंपराओं की नींव हैं।

धर्मसागर ने अपनी कविताओं के माध्यम से भावनात्मक संदेश दिया—
“बचपन की वह अल्हड़ मस्ती अब यादों का हिस्सा है,
बुजुर्गों की आंखों में होली का हर किस्सा है।”

सांस्कृतिक कार्यक्रम में सदस्यों ने होली के पारंपरिक गीतों और भजनों की प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। संस्था के ब्रांड एंबेसडर नंदकिशोर सरदाना ने ‘सोहणा जी सोहणा मेरा श्याम’ और ‘होली है होली, खेलें रंग-गुलाल’ प्रस्तुत किया। वीणा श्रीवास्तव ने ‘होली खेले रघुवीरा’, मधु शर्मा ने ‘हरि सुंदर नंद मुकुंदा’, एसके सिन्हा ने ‘सखियों संग खेले होली’, जगदीश अरोड़ा ने ‘सांसों का बनाकर हार बाबा को चढ़ा दे’ तथा शीतल चावला ने ‘आज बृज में होली है’ और ‘होली के दिन दिल खिल जाते हैं’ जैसे गीतों से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया।

एचपी शर्मा, एलडी बवेजा, एमआर कुमार, पूनम रावा, हीरालाल पम्मी, सीके चौधरी, रमेश, अंजला वधवा और मदन डूडेजा सहित अनेक सदस्यों ने भजनों और गीतों की प्रस्तुति देकर होली के महत्व को रेखांकित किया। डीएन कवातरा ने शायरी के माध्यम से मित्रता और सकारात्मकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान पिछले तीन माह में जिन सदस्यों के जन्मदिन थे, उनका सामूहिक रूप से जन्मदिन मनाया गया। समय पर कार्यक्रम में पहुंचने की प्रेरणा हेतु आयोजित विशेष ड्रा में रमेश धवन और देवेंद्र के नाम निकले, जिन्हें होली पर्व के उपलक्ष्य में गुंजिया भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी एचएस चावला, ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य रमेश वशिष्ठ, सैक्टर-4 वैश्य समाज के प्रधान विजय अग्रवाल, रिटायर्ड आईजी सुभाष कुकरेजा एवं उनकी धर्मपत्नी आदर्श कुकरेजा सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं और फूलों की होली के साथ हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!