भर्ती घोटाले, अवैध कॉलोनियों और बुढ़ापा पेंशन पर युवा कांग्रेस का भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया बोले—सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन होगा, विवादित भर्तियों की न्यायिक जांच की मांग

करनाल, हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की भर्ती प्रक्रियाओं, प्रदेश में बढ़ती अवैध कॉलोनियों और बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भर्तियों में बड़े पैमाने पर घोटाले हो रहे हैं और योग्य युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है।

करनाल की जाट धर्मशाला में आयोजित प्रेस वार्ता में कटारिया ने आरोप लगाया कि एचपीएससी की भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव है, जिससे लंबे समय से सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। उन्होंने मांग की कि सभी विवादित भर्तियों की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अवैध कॉलोनियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बिना मूलभूत सुविधाओं के कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं, जिससे आम नागरिक ठगी का शिकार हो रहे हैं। यह प्रशासन की अनदेखी या मिलीभगत के बिना संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े नेता ही इन कॉलोनियों को काट रहे हैं और सरकार से तत्काल रोक लगाने तथा प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की।

बुढ़ापा पेंशन को लेकर कटारिया ने कहा कि कई पात्र बुजुर्गों को समय पर पेंशन नहीं मिल रही है और अनेक नाम सूची से हटाए गए हैं। इसे सरकार की संवेदनहीनता बताते हुए उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार है और पेंशन उनकी मूल आवश्यकता है।

युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रजत लाठर ने कहा कि संगठन इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगा। यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो जिला स्तर पर प्रदर्शन और घेराव किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं और बुजुर्गों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री बक्शिश विर्क, बसंत राणा, संगठन महासचिव अशोक डाबरा, शरीफ अली, उमर चौधरी, रविंदर मंगलौरा, एडवोकेट आकाश मीत संधू, कृष्ण संधू, साहिल कॉलरम, राहुल वत्स, मुनक युधिष्ठिर राणा, विक्रम राणा, योगेश शर्मा, जोगिंदर गगसीना और विक्की राणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!