मजबूत संगठन की ओर अग्रसर हरियाणा कांग्रेस, 26 जिला कार्यकारिणियों का गठन पूरा : राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अंबाला कैंट, रेवाड़ी ग्रामीण व भिवानी ग्रामीण जिला कांग्रेस कार्यकारिणियों की घोषणा

चंडीगढ़ – हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाते हुए अब तक 26 जिला कांग्रेस कार्यकारिणियों का गठन पूर्ण कर लिया है। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में चल रही इस प्रक्रिया के तहत तीसरे चरण में अंबाला कैंट, रेवाड़ी (ग्रामीण) और भिवानी (ग्रामीण) जिला कांग्रेस समितियों की सूची जारी कर दी गई है।

गौरतलब है कि हरियाणा में कुल 23 जिलों में शहरी एवं ग्रामीण इकाइयों को मिलाकर 33 जिला कांग्रेस कार्यकारिणियों का गठन किया जाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि अब तक 26 जिला समितियों का गठन पूरा हो चुका है, जबकि शेष जिलों की कार्यकारिणियां भी शीघ्र घोषित कर दी जाएंगी।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब जिला स्तर पर कार्यकारिणियों को पूर्ण रूप से गठित कर दिया गया है, जिससे संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि लगभग 11 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जिला कार्यकारिणियों का यह विस्तार पार्टी हाईकमान के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया गया है, ताकि संगठन को अधिक प्रभावी और सक्रिय बनाया जा सके।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि जिला कार्यकारिणियों के गठन से कांग्रेस की जमीनी पकड़ और जनसंपर्क और मजबूत होगा। आगामी चरण में ब्लॉक और बूथ स्तर तक संगठन विस्तार किया जाएगा, जिससे कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा और पार्टी आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए और अधिक सशक्त होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि यह संगठनात्मक विस्तार ऐसे समय में हो रहा है जब हरियाणा कांग्रेस ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत प्रशिक्षण शिविरों एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को तैयार कर रही है। इससे संगठन में अनुभवी और युवा नेतृत्व का संतुलन स्थापित हुआ है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संगठन के इस विस्तार और सशक्तिकरण से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि हरियाणा कांग्रेस राज्य में अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!