हरियाणवी बॉक्सर स्वीटी बूरा ने अल्मोड़ा में दिखाई दादागिरी, कार से शराब की बोतलें फेंकी, विरोध हुआ तो बीच सड़क युवक को मारा थप्पड़

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अल्मोड़ा | 28 जनवरी 2026 – अल्मोड़ा में सड़क पर कूड़ा फेंकने का विरोध करने पर स्थानीय युवक को थप्पड़ मारने का आरोप हरियाणा की अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित स्वीटी बूरा पर लगा है। इस मामले में टैक्सी यूनियन कर्मी ने कोतवाली में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। घटना से जुड़े तीन वीडियो भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर मामला चर्चा में है।

क्या है पूरा मामला

मंगलवार को अल्मोड़ा में नैनीताल के कैंची धाम घूमने आई हरियाणा नंबर की फॉर्च्यूनर कार (HR-21Q-6722) से सड़क पर कूड़ा और कथित तौर पर शराब की बोतलें फेंकी गईं। स्थानीय युवक हिमांशु पांडेय ने इसका विरोध करते हुए कूड़ा कूड़ेदान में डालने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।

हाथापाई और मोबाइल छीनने का आरोप

हिमांशु पांडेय का आरोप है कि विरोध करने पर युवतियां भड़क गईं और उनके साथ हाथापाई की। इस दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीना गया। मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन युवतियों द्वारा खुद को पुलिस में होने की धमकी देने की बात भी कही गई।

ड्राई डे पर शराब की बोतलें मिलने का सवाल

अल्मोड़ा टैक्सी यूनियन कार्यालय के अध्यक्ष विनोद सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना 26 जनवरी (ड्राई डे) की है और सड़क पर फेंके गए कूड़े में शराब की बोतलें व नमकीन के पैकेट थे। उन्होंने सवाल उठाया कि ड्राई डे पर शराब की बोतलें कहां से आईं।

वीडियो में क्या दिखा?

पहला वीडियो (36 सेकेंड)

वीडियो में स्वीटी बूरा और उनकी बहन सीवी बूरा एक युवक से बहस करती दिखती हैं। बहस के दौरान स्वीटी युवक को पीछे धकेलती हैं और कुछ ही क्षण बाद उसे थप्पड़ मारती नजर आती हैं। इसके बाद एक युवक और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बीच-बचाव करते हैं।

दूसरा वीडियो (16 सेकेंड)

इस वीडियो में स्वीटी एक युवक से मोबाइल छीनने की कोशिश करती दिखाई देती हैं। पीछे से आवाजें आती हैं—“आप कूड़ा उठाओ, आराम से बोलो।” एक युवक कहता सुनाई देता है—“लेडीज है, इसलिए कुछ नहीं बोल रहा।”

तीसरा वीडियो (2 मिनट 36 सेकेंड)

वीडियो में युवकों और स्वीटी के बीच तीखी बहस दिखती है। स्थानीय युवक कहते हैं—“पहले कूड़ा फैलाते हैं, फिर दादागिरी दिखाते हैं।” इस दौरान गाली-गलौज की आवाजें भी सुनाई देती हैं। बाद में स्वीटी खुद भी मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगती हैं और उनके साथ आया युवक उन्हें गाड़ी में बैठा देता है।

शिकायत दर्ज, जांच की मांग

बुधवार को हिमांशु पांडेय ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी। इस दौरान बजरंग दल अल्मोड़ा के सह संयोजक वैभव जोशी, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता नमन गुरुरानी, संजय भट्ट और अर्जुन फर्त्याल भी मौजूद रहे। सभी ने मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!