गुरुग्राम कांग्रेस सेवादल ने धूमधाम से मनाया गणतंत्र दिवस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 26 जनवरी। गुरुग्राम कांग्रेस सेवादल द्वारा कांग्रेस कार्यालय, गुरुग्राम में 77वाँ गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष कृष्ण सैनी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ध्वज रक्षक के रूप में हरियाणा कांग्रेस सेवादल के सह-अध्यक्ष श्री इंदर सिंह सैनी ने विधिवत रूप से ध्वज को तैयार किया तथा उपस्थित कांग्रेसजनों को तिरंगे की गरिमा और उसके महत्व की जानकारी दी। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर मुख्य अतिथि राव नरेंद्र सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रध्वज का सम्मान किया।

अपने संबोधन में राव नरेंद्र सिंह ने भारतीय संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज देश में संविधान और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए राहुल गांधी संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित देश के महान बुद्धिजीवियों द्वारा निर्मित संविधान ने देश के हर वर्ग को न्याय और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार दिया। उन्होंने आह्वान किया कि सभी कांग्रेसजन एकजुट होकर संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष को और मजबूत करें।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष कृष्ण सैनी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी कांग्रेस सेवादल कार्यकर्ताओं एवं कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज डावर, वर्धन यादव, सुनीता सहरावत, पर्ल चौधरी, सुधीर चौधरी, श्यामपाल यादव, रामपत प्रेमी, रेखा सैनी, संदीप शर्मा, चंद्रपाल, चरण सिंह, खजान सिंह, महेंद्र सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!