कुरुक्षेत्र प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन , प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को दिए पहचान एवं प्रशंसा पत्र 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“राहुल गांधी की प्रेरक उपस्थिति से कुरुक्षेत्र प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं का मनोबल सुदृढ़, नया आत्मविश्वास जागृत” –  राव नरेंद्र सिंह

कुरुक्षेत्र, 23.01.2026 – कुरुक्षेत्र में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय ‘संगठन सृजन’ प्रशिक्षण शिविर का वीरवार समापन हुआ। इस समापन समारोह में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह शिविर पूर्णतः सुचारू, अनुशासित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। शिविर के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बार-बार आकर कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।

विशेष रूप से हरियाणा एवं उत्तराखंड के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए यह शिविर एक अविस्मरणीय एवं उपयोगी अनुभव सिद्ध हुआ। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी की गरिमामयी उपस्थिति ने इस शिविर को और अधिक प्रभावशाली एवं प्रेरणादायी बना दिया। राहुल गांधी जी का कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद एवं रूबरू होना कांग्रेस कुनबे में नई ऊर्जा, उत्साह एवं आत्मविश्वास का संचार करने वाला क्षण रहा।

राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी जी ने संगठन को मजबूत करने, अनुशासन बनाए रखने एवं जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सांप्रदायिकता एवं देश-विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करना अनिवार्य है। सभी वर्गों, जातियों, धर्मों एवं समुदायों को साथ लेकर हमें इन चुनौतियों का मुकाबला करना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी जी को एक प्रेरणा-स्रोत एवं मार्गदर्शक बताते हुए कहा, “राहुल गांधी जी का संदेश हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आने वाले समय में कांग्रेस संगठन अभूतपूर्व एकजुटता एवं दृढ़ संकल्प के साथ देश-विरोधी एवं समाज-विरोधी ताकतों का डटकर मुकाबला करने के लिए तैयार है।”

उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा के मूल स्वरूप में किए जा रहे बदलावों के विरुद्ध आंदोलन को और तेज किया जाएगा। हर गांव, हर गली, हर शहर में जाकर जनता को जागरूक किया जाएगा। सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी से विनम्र अपील है कि वे संगठन के अभियानों एवं कार्यक्रमों को पूर्ण कर्तव्यनिष्ठा, निष्ठा एवं दिलोजान से पूरा करें।

हमारा एकमात्र उद्देश्य होना चाहिए – कांग्रेस की नीतियों, उपलब्धियों एवं राष्ट्र-निर्माण की सोच को जन-जन तक पहुंचाना। जब हम जनता के बीच जाएंगे, उनके दुख-दर्द में शामिल होंगे, उनकी समस्याओं को समझेंगे, तभी हम सच्चे अर्थों में उनकी आवाज बन पाएंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा, “सत्ताधारी ताकतों की साजिशें अब जनता के सामने बेनकाब हो चुकी हैं। आने वाला समय कांग्रेस का है। हमें एकजुट होकर संगठन को और मजबूत करना है, हर क्षेत्र, हर वर्ग के साथ तालमेल बिठाना है और प्रदेश में कांग्रेस के सुशासन को पुनः स्थापित करना है।”

कुरुक्षेत्र प्रशिक्षण शिविर के समापन के दौरान हरियाणा एवं उत्तराखंड के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र के साथ साथ पहचान पत्र भी प्रदान किए गए ।

इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा , हरियाणा सह प्रभारी जितेंद्र भगेल एवं प्रफुल भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!