सड़क से संसद तक जनता की आवाज उठा रहे हैं राहुल गांधी : मेवा सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहुल गांधी ने राजनीति के साथ आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए

भाजपा गुटबाजी का शिकार, कांग्रेस पूरी तरह एकजुट : मेवा सिंह

कुरुक्षेत्र (प्रमोद कौशिक), 22 जनवरी। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा जनता की आवाज को सड़क से लेकर संसद तक मजबूती से उठाने का कार्य किया है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ऐसे सभी मुद्दों को मुखरता से सामने रखा है, जिनसे देश को नुकसान पहुंच रहा है। भाजपा सरकार राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब देने से लगातार बचती रही है।

उक्त बातें कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेवा सिंह ने संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान हरियाणा व उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों को संबोधित करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।

मेवा सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी ने कांग्रेस के इतिहास, उसकी विचारधारा और आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। इस प्रशिक्षण से सभी जिलाध्यक्षों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में किसी भी प्रकार की गुटबाजी नहीं है, जबकि भाजपा आंतरिक गुटबाजी का शिकार होती जा रही है। आने वाले समय में गांव से लेकर शहर तक कांग्रेस का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करेगा।

मेवा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश और प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने के लिए भाजपा जाति और धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रशिक्षण शिविर में केवल राजनीति के गुर ही नहीं सिखाए, बल्कि आत्मरक्षा के गुर देकर कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और अनुशासन भी विकसित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!