कांग्रेस का महेंद्रगढ़ में वोट चोर-गद्दी छोड़ अभियान को लेकर ज़बरदस्त प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वोट-चोर तानाशाहों को चुनौती देने का साहस सिर्फ राहुल गांधी में—राव नरेंद्र सिंह

वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई है- कुमारी शैलजा

हम अपने अधिकारों की आवाज भी बुलंद नहीं कर पा रहे, क्योंकि सत्ता पर वोट-चोर काबिज हैं — रणदीप सुरजेवाला

महेंद्रगढ़,27 नवंबर। महेंद्रगढ़ में “वोट चोर–गद्दी छोड़” अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। इस विशाल जनसभा में मुख्य वक्ता के रूप में रणदीप सिंह सुरजेवाला और कुमारी शैलजा ने भाग लेकर आंदोलन को नई धार दी।

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दक्षिण हरियाणा के लोगों को स्पष्ट संदेश दिया है कि हरियाणा की सत्ता निर्माण में दक्षिण हरियाणा का सबसे महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसलिए इस क्षेत्र के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जाति, धर्म और समाज के नाम पर नफरत का ज़हर फैलाकर दक्षिण हरियाणा को प्रभावित करने की नाकाम कोशिश की है, लेकिन अब समय आ गया है कि दक्षिण हरियाणा के लोग मानसिक और राजनीतिक रूप से और अधिक मजबूत हों, ताकि आप सभी के सहयोग से हरियाणा में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार स्थापित की जा सके।

राव नरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने खुलकर बताया है कि किस प्रकार ईवीएम में गड़बड़ी, गलत एड्रेस जोड़ने, विदेशी नामों को मतदाता सूची में शामिल करने जैसे अनैतिक हथकंडों के ज़रिये 25 लाख वोटों की चोरी की गई। यह लोकतंत्र की खुली हत्या है।

उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके इशारों पर चलने वाला चुनाव आयोग लोकतंत्र और संविधान पर करारा प्रहार कर रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें कि हरियाणा में एक अवैध और असंवैधानिक सरकार स्थापित की गई है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान आज सबसे अधिक पीड़ित है—एमएसपी नहीं मिलती, खाद-बीज समय पर उपलब्ध नहीं, जिन किसानों की आय दुगनी करने का वादा किया गया था उनकी कर्ज़दारियां दुगुनी कर दी गईं। हरियाणा बेरोजगारी में नंबर-वन है, कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है, अपराधी गिरोह बेलगाम हैं, महिलाएं और आमजन सुरक्षित नहीं।

उन्होंने कहा कि इन वोट चोर तानाशाहों को चुनौती देने का साहस केवल राहुल गांधी में है, जो जनता के अधिकारों की लड़ाई में पूरी मजबूती से डटे हुए हैं।

उन्होंने जंतर-मंतर पर पेंशन बहाली की मांग कर रहे कर्मचारियों को गिरफ्तार किए जाने की घटना को तानाशाही की पराकाष्ठा बताया और कहा कि कांग्रेस इसकी घोर निंदा करती है। उन्होंने सभी से 14 दिसंबर को दिल्ली रामलीला मैदान में होने वाली विशाल रैली में शामिल होने की अपील की, जहाँ राहुल गांधी और खड़गे जी भाजपा द्वारा जनता के साथ किए जा रहे धोखों का खुलासा करेंगे।

वही कुमारी शैलजा ने अपने संबोधन में जन समूह को जागरुक करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का यह प्रदर्शन सति हासिल करने की मुहिम नहीं है बल्कि जनता को उनके अधिकार दिलाने की मुहिम है। आज भारतीय जनता पार्टी अपने कपट पूर्ण रुपैया के चलते जनता के मताधिकारों को वोट चोरी करके छीन रही है। हरियाणा में काबिज़ सरकार वोट चोरी कर जनता के अधिकारों पर डाका डालकर बनी है। भाजपा के लोग संवेदनहीन और अवसरवादी लोग हैं। जनता को किस तरह गुमराह करना यह तो कोई इनसे सीखे ।पूरे देश में भाजपा का विरोध है लेकिन फिर भी सरकारी क्यों बन रही हैं यह एक सोच का विषय है उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को अपने मुट्ठी में कैद कर रखा है। अपनी ताकत का सता का दुरुपयोग करके यह पूरे सिस्टम को प्रभावित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है ।की हम इन भ्रष्ट लोगों के खिलाफ राहुल गांधी का साथ दें यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं है यह पूरे देशवासियों की लड़ाई है तो उन्होंने कहा कि कि भ्रष्टाचारियों के खिलाफ शुरू किए गए इस महायज्ञ में आप सभी लोगों की आहुति की जरूरत है तो आप सभी से निवेदन है की 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में पहुंचे ताकि हम संगठित होकर इस निरंकुश तानाशाह के खिलाफ लड़ाई लड़ जारी रख सके।

वहीं अपने संबोधन की शुरुआत सुरजेवाला ने प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देकर की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अथक संघर्ष  से हमें यह आजादी मिली और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में बने संविधान ने इस देश की करोड़ों महिलाओं, किसानों, गरीबों, दलित-वंचितों को मताधिकार और समानता का अधिकार दिया।

लेकिन आज भाजपा सरकार छल-कपट के सहारे जनता के अधिकार छीन रही है। जब तक मताधिकार सुरक्षित है, तब तक सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेही तय होती है—लेकिन जब सत्ता खुद “वोट चोर” बन जाए, तो जनता अपनी आवाज भी बुलंद नहीं कर पाती।

उन्होंने कहा कि जो लोग आपका वोट चुराते हैं, वही आपका राशन, फसल का भाव, रोजगार, पेंशन, दलितों के अधिकार, और छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति तक चोरी कर लेते हैं। इसीलिए राहुल गांधी और राव नरेंद्र सिंह की यह लड़ाई अधिकार चोरी के खिलाफ लड़ाई है।

सुरजेवाला ने कहा कि बिहार में चुनाव के दौरान एसआईआर के नाम पर हजारों वोट काट दिए गए, हजारों फर्जी नाम जोड़ दिए गए और जब कांग्रेस ने चुनाव आयोग से जवाब मांगा तो कोई जवाब नहीं मिला। महिला मतदाताओं को प्रलोभन देकर खाते में पैसे डाले गए, जो चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन था। यह सब दिखाता है कि भाजपा सरकार किस हद तक भ्रष्टाचार और वोट की लूट में लिप्त है।

उन्होंने जनता से आह्वान किया कि समय आ गया है कि इन तानाशाहों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए और देश-प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार स्थापित की जाए।

इस कार्यक्रम के दौरान विधायक मंजु चौधरी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव अनिता यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतबीर झुकिया, राजेश संदलाना, डॉ राज सुनेश, तोताराम कोली, पुनीत बलान, राज ,अजीत यादव, ऋषि यादव, हरीश सैनी, विक्रम अवाना एवं कांग्रेस के सभी अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें