विधानकीय सहयोग और विकास योजनाओं पर हुई अहम चर्चा

चंडीगढ़, 27 नवंबर – हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने गुरुवार को पणजी पहुंचकर गोवा का एक दिवसीय दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने गोवा विधानसभा परिसर और सिविल सचिवालय का अवलोकन किया तथा वहां की व्यवस्थाओं और विधायी कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
गोवा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. गणेश गांवकर और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से उनकी विस्तृत मुलाकात हुई, जिसमें अनेक विधायी, प्रशासनिक और सामाजिक विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। दोनों राज्यों की विकास योजनाओं, संसदीय प्रक्रियाओं और पारस्परिक सहयोग को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने डॉ. गणेश गांवकर के राजनीतिक जीवन और संघर्षपूर्ण सफर की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान और नेतृत्व प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवों से राज्यों के बीच लोकतांत्रिक संस्थाओं को सशक्त बनाने में मदद मिलती है।









