योग के नाम पर जनता को ठगा जा रहा है: वेदप्रकाश विद्रोही

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

11 साल में स्कूलों में स्थायी योग शिक्षक नियुक्त नहीं हुए, भाजपा सरकार की कथनी-करनी में अंतर—ग्रामीण भारत अध्यक्ष

रेवाडी, 11 फरवरी 2026 – स्वयंसेवी संस्था ‘ग्रामीण भारत’ के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने हरियाणा की भाजपा सरकार और केंद्र की मोदी सरकार पर योग को लेकर केवल दिखावटी प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों से सरकारें योग पर बड़े-बड़े दावे करती रही हैं और हर साल करोड़ों रुपये सरकारी धन मीडिया इवेंट्स पर खर्च किए जाते हैं, लेकिन स्कूलों में आज तक स्थायी योग शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो सकी।

विद्रोही के अनुसार वर्ष 2015 से केंद्र सरकार केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों में भी केवल अस्थायी योग शिक्षकों की नियुक्ति कर रही है। हरियाणा में भी स्थिति अलग नहीं है। प्रदेश सरकार ने योग शिक्षा को बढ़ावा देने के दावे तो किए, लेकिन किसी भी सरकारी स्कूल में स्थायी योग शिक्षक नियुक्त नहीं किया गया। उनका आरोप है कि अस्थायी नियुक्तियों के माध्यम से प्रशिक्षित योग शिक्षकों का शोषण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में योग शिक्षकों की नियुक्ति के लिए पिछले 11 वर्षों में कोई स्पष्ट कानून या नियम नहीं बनाए गए। सरकारी स्कूलों में शिक्षक बनने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पास करना अनिवार्य है, लेकिन विभिन्न विषयों की भर्ती में योग को विषय के रूप में शामिल ही नहीं किया गया। “जब पात्रता परीक्षा में योग विषय ही नहीं है, तो स्थायी योग शिक्षक की नियुक्ति कैसे संभव होगी?” उन्होंने सवाल उठाया।

विद्रोही ने यह भी कहा कि प्रदेश में पिछले पांच वर्षों से योग आयोग कार्यरत है और गांवों में योग व्यायामशालाएं बनाई गई हैं, जहां आयुष योग सहायकों को अस्थायी तौर पर नियुक्त किया गया है। स्कूलों में योग क्लब भी बनाए गए हैं, लेकिन स्थायी नियुक्तियों की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा दिखाए गए सपनों के कारण हजारों युवाओं ने योग में डिप्लोमा और उच्च शिक्षा हासिल की, इस उम्मीद में कि उन्हें योग शिक्षक की नौकरी मिलेगी, लेकिन सरकार की कथनी और करनी में “दिन-रात का अंतर” है।

वेदप्रकाश विद्रोही ने मांग की कि युवाओं को योग के नाम पर भ्रमित करने के बजाय सरकार योग शिक्षकों की वैधानिक योग्यता तय करे और अपने वादे के अनुसार सभी स्तर के सरकारी स्कूलों में स्थायी योग शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया तुरंत शुरू करे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!