*अगस्त में सबसे ज्यादा 1.64 लाख चालान कटे, जीएमडीए शहर में 2722 और हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगा रहा*
*गुरुग्राम, 11 नवंबर*। गुरुग्राम में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब तीसरी आंख से नजर रखी जा रही है। शहर में लगे इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) के जरिए जनवरी से सितंबर 2026 तक 10 लाख 66 हजार 385 चालान काटे गए हैं। इन चालानों के माध्यम से 200.66 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। कैमरों की निगरानी और तकनीक आधारित चालान व्यवस्था से ट्रैफिक नियमों की पालना सुनिश्चित करने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार, अगस्त महीने में सबसे ज्यादा 1 लाख 64 हजार 773 चालान काटे गए। इसके बाद जुलाई में 1 लाख 50 हजार 393 और सितंबर में 1 लाख 46 हजार 248 चालान हुए। शहर में आईटीएमएस के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से जोड़ा गया है। यहां से 24 घंटे शहर की निगरानी की जा रही है।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री पीसी मीणा ने बताया कि शहर में तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ट्रैफिक प्रबंधन बेहतर करना, सड़क सुरक्षा बढ़ाना और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। आईसीसीसी के माध्यम से सभी कैमरों की निगरानी एक ही केंद्र से की जा रही है, जिससे नियमों के उल्लंघन की पहचान कर साक्ष्यों के आधार पर चालान जारी किए जा सकते हैं।
*पहले चरण में लगे 1200 कैमरे, अब 5287 तक पहुंचेगी संख्या*
जीएमडीए ने सीसीटीवी निगरानी परियोजना के पहले चरण में शहर के अलग-अलग स्थानों पर 1200 कैमरे लगाए थे। इसके अलावा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत 365 कैमरे और लगाए गए हैं। इस तरह फिलहाल कुल 1565 कैमरे आईसीसीसी से जुड़े हुए हैं।
अब दूसरे चरण में 2722 और कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा सीएसआर के माध्यम से 1000 अतिरिक्त कैमरे लगाने की भी योजना है। इन सभी के स्थापित होने के बाद शहर में एकीकृत सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़कर 5287 हो जाएगी। इससे गुरुग्राम, मानेसर और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी का दायरा बढ़ेगा।
दूसरे चरण में 8 मेगापिक्सल के हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनसे वाहनों की नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई देगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान करना आसान होगा।
*258 स्थानों पर लगेंगे अलग-अलग श्रेणी के कैमरे*
दूसरे चरण में कुल 2722 कैमरे लगाने की योजना है। इनमें 1406 ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर), 102 रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन (आरएलवीडी), 74 पैन-टिल्ट-जूम (पीटीजेड), 759 सामान्य निगरानी कैमरे, 347 फेस रिकग्निशन कैमरे और 20 स्पीड रडार शामिल हैं। ये कैमरे गुरुग्राम, मानेसर और आसपास के क्षेत्रों में 258 स्थानों पर लगाए जाएंगे।
सीईओ पीसी मीणा ने संबंधित अधिकारियों को कैमरे लगाने का काम जल्द पूरा करने और उन्हें आईसीसीसी से निर्बाध रूप से जोड़ने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस तकनीकी व्यवस्था का प्रभावी इस्तेमाल किया जा सके।
*रेड लाइट जंप और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर नजर, नवंबर के अंत से ओवरस्पीडिंग के चालान*
मौजूदा आईटीएमएस के जरिए ट्रैफिक पुलिस रेड लाइट जंप करने, स्टॉप लाइन पार करने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बाइक पर तीन सवारी बैठाने और रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई कर रही है। कैमरों में रिकॉर्ड होने वाले साक्ष्यों के आधार पर चालान जारी किए जाते हैं।
अब इस व्यवस्था में ओवरस्पीडिंग को भी शामिल किया जाएगा। इसके लिए स्पीड रडार लगाए जा रहे हैं और नवंबर 2026 के अंत तक ओवरस्पीडिंग का पता लगाने की व्यवस्था शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
सीईओ श्री पीसी मीणा ने कहा कि इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य केवल चालान काटना या जुर्माना लगाना नहीं है, बल्कि लोगों को जिम्मेदारी से वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। उन्होंने कहा कि जीएमडीए और गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से इस तकनीक का अधिक प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाएगा।
*जलभराव और कचरा डालने वाले स्थानों पर भी रहेगी नजर*
जीएमडीए अब सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल केवल ट्रैफिक व्यवस्था तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि शहर की नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढांचे की निगरानी भी इसी माध्यम से की जाएगी। इसके लिए नालों के इनलेट, नालों के मिलन स्थल, जलभराव की आशंका वाले स्थानों और कचरा डाले जाने वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की जा रही है।
सीईओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलनिकासी के लिहाज से संवेदनशील स्थानों और बार-बार जलभराव या कचरा जमा होने वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। इन स्थानों की आईसीसीसी के माध्यम से निगरानी होने से समस्या का समय रहते पता चल सकेगा और संबंधित विभाग तुरंत कार्रवाई कर सकेंगे।
विशेष रूप से मानसून के दौरान इस व्यवस्था से जलभराव और जलनिकासी संबंधी समस्याओं की निगरानी करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। जीएमडीए का लक्ष्य सीसीटीवी नेटवर्क के विस्तार के जरिए गुरुग्राम में ट्रैफिक प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं की निगरानी को एकीकृत एवं तकनीक आधारित बनाना है।








