गुरुग्राम के बरसाती पानी को जिले में ही संग्रहण की बनेगी योजना, पहले जलाशयों में होगा भंडारण, फिर दमदमा झील में छोड़ा जाएगा पानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*प्रधान सलाहकार श्री डीएस ढेसी ने दमदमा झील का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दो दिन में 10 संभावित स्थलों की सूची तैयार करने के निर्देश*

गुरुग्राम। मानसून के दौरान भारी बारिश से शहर में होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने और बरसाती पानी का बेहतर प्रबंधन करने के लिए हरियाणा सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार श्री डीएस ढेसी ने दमदमा झील पहुंचकर संबंधित विभागों के अधिकारियों और इंडो-जापानी कंपनी निप्पोन कोई के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों के साथ झील का मौके पर निरीक्षण भी किया और बरसाती पानी के संग्रहण की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

दरअसल, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने गुरुग्राम में भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के लिए इंडो-जापानी कंपनी निप्पोन कोई को सर्वे कर चार संभावित विकल्पों की रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। कंपनी अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंप चुकी है। इसमें चार में से तीन विकल्पों में दमदमा झील को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद राज्य सरकार इन विकल्पों पर विचार करने के बाद अंतिम निर्णय लेगी।

स्थानीय केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह का भी जोर इस बात पर रहा है कि गुरुग्राम का बरसाती पानी जिले के भीतर ही संरक्षित किया जाए और इसे नजफगढ़ ड्रेन के माध्यम से व्यर्थ बहने से रोका जाए। इसी उद्देश्य से प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मौके पर स्थिति का जायजा लिया।

*पहले सरकारी जमीन पर बने जलाशयों में जमा होगा पानी*

बैठक में विचार-विमर्श के बाद श्री ढेसी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अगले दो दिनों में ऐसे 10 प्रमुख संभावित स्थलों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करें, जो नगर निगम क्षेत्र अथवा ग्राम पंचायतों की सीमा में आते हों और जहां बड़े जलाशय हों या विकसित कर बरसाती पानी का भंडारण किया जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान अतिरिक्त बरसाती पानी को सहेजने के लिए गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम क्षेत्र अथवा ग्राम पंचायतों की सरकारी जमीन पर स्थित मौजूदा जलाशयों की क्षमता बढ़ाने तथा आवश्यकता के अनुसार नए जलाशय विकसित करने को प्राथमिकता दी जाएगी। इन जलाशयों में पानी संग्रहित करने के बाद शेष पानी को दमदमा झील में पहुंचाया जाएगा। इसके बावजूद अतिरिक्त पानी बचता है तो उसे नूंह ड्रेन के माध्यम से यमुना नदी तक पहुंचाया जाएगा।

इस व्यवस्था से एक ओर जहां गुरुग्राम शहर में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर बरसाती पानी का संचयन होने से भूजल स्तर बढ़ाने और भूमिगत जल के पुनर्भरण में भी मदद मिलेगी।

*दमदमा झील के आसपास वन भूमि का मांगा रिकॉर्ड*

प्रधान सलाहकार ने सोहना के एसडीएम श्री अभिषेक यादव को निर्देश दिए कि वे वीरवार सुबह तक राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार दमदमा झील से लगते वन क्षेत्र की भूमि की मालिकाना स्थिति का पूरा ब्यौरा उपलब्ध करवाएं, ताकि भविष्य की योजना तैयार करते समय भूमि संबंधी स्थिति स्पष्ट रहे।

बैठक में वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के दोनों ओर कई प्राकृतिक क्रीक (जल प्रवाह मार्ग) मौजूद हैं, जिनमें बरसात का अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं। इसके अलावा सकतपुर, गैरतपुर बास, भोंडसी, कादरपुर, रिठौज और खेड़ला सहित आसपास के गांवों में भी बरसाती पानी के संग्रहण के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान की जा सकती है।

*इन अधिकारियों ने लिया बैठक में हिस्सा*

बैठक में वन विभाग के अतिरिक्त प्रधान वन संरक्षक श्री सुभाष यादव, सोहना के एसडीएम श्री अभिषेक यादव, जीएमडीए के अधीक्षण अभियंता श्री सुधीर रणसीवाल, कार्यकारी अभियंता श्री विक्रम, हारसैक के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुल्तान सिंह, डीटीपी श्री अमित मंगोलिया सहित जीएमडीए, राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग, वन विभाग तथा नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें