वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब का सांस्कृतिक कार्यक्रम 14 नवंबर को

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नवंबर के अंत में वार्षिक समारोह मनाने की तैयारी, सदस्यों ने धार्मिक यात्रा का सुझाव रखा

गुरुग्राम, 11 नवंबर। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा का सांस्कृतिक कार्यक्रम शनिवार, 14 नवंबर को सुबह 11 बजे सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें शाखा के सदस्य विचार, कविता, चुटकुले, गीत और भजन प्रस्तुत करेंगे। यह जानकारी बुधवार को आईडीसी-72 स्थित कार्यालय में प्रधान धर्म सागर की अध्यक्षता में हुई शाखा की कोर कमेटी की बैठक में सह-प्रमुख एवं मंच संचालक डी.एन. कवातरा ने दी।

बैठक में प्रधान धर्म सागर ने सभी सदस्यों को भैया दूज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि कुछ कारणों से शाखा का वार्षिक समारोह निर्धारित समय पर नहीं हो पाया। अब इसे नवंबर माह के अंत में आयोजित करने की तैयारी है। कार्यक्रम के लिए अधिकांश पूर्वाभ्यास हो चुका है। पूनम भटनागर के मार्गदर्शन में तीन-चार अतिरिक्त पूर्वाभ्यास कराए जाएंगे, जिनकी तिथियों की जानकारी 14 नवंबर के कार्यक्रम में दी जाएगी।

बैठक में दीपावली के हर्षोल्लासपूर्ण आयोजन का भी उल्लेख किया गया। प्रधान धर्म सागर ने दीपावली के अवसर पर सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की थी।

इस दौरान चेतन दास ग्रोवर और लाजपत राय चानना ने शाखा के सदस्यों के लिए किसी धार्मिक स्थल की सामूहिक यात्रा आयोजित करने का सुझाव रखा। प्रधान धर्म सागर और डी.एन. कवातरा ने सुझाव पर सहमति जताई। भैया दूज के पारिवारिक कार्यक्रमों में व्यस्त होने के कारण कुछ पदाधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें