एसआईआर अभियान में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि बूथ स्तर पर सक्रिय सहयोग बनाए रखें : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पात्र मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का एक और अवसर, बीएलए के माध्यम से करें जागरूक

गुरुग्राम, 11 नवंबर- डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि अपना सहयोग निरंतर बनाए रखें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने से वंचित न रहे। एसआईआर के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने का एक और अवसर दिया गया है।

डीसी उत्तम सिंह ने बुधवार को लघु सचिवालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को जागरूक करें और उन्हें गणना प्रपत्र जमा करवाने में सहयोग दें।

बैठक में डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा ऐसे मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने का एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया गया है, जिन्हें गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे (एएसडीडी) के रूप में चिह्नित होने अथवा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त न होने के कारण जिनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम जिला में 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक 15,55,034 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 11,01,955 मतदाताओं ने 24 जुलाई 2026 तक अपने गणना प्रपत्र वापस जमा करवाए। अब आयोग के निर्देशानुसार गणना प्रपत्र जमा न कर पाने वाले पात्र मतदाताओं को भी अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।

डीसी ने बताया कि ऐसे सभी मतदाताओं की मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों तथा शहरी स्थानीय निकायों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध होगी, जिसमें नाम शामिल न होने के संभावित कारणों का उल्लेख किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से जुड़े ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त मतदाता अपने पुराने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर उसे भर सकते हैं।

डीसी ने कहा कि यदि मतदाता ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, तो वह हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवा सकता है। इसमें पहले गणना प्रपत्र जमा न कर पाने का कारण भी बताना होगा। मतदाता अपने परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी यह प्रपत्र जमा करवा सकते हैं।

इसी प्रकार, यदि कोई मतदाता हरियाणा में ही किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को नए पते एवं विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-सी) और निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी सहायता ली जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ईसीआईनेट ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। यदि किसी मतदाता के पास निवास प्रमाण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी पर्याप्त होगी।

उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का ईआरओ द्वारा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन एवं निस्तारण किया जाएगा।
डीसी ने बताया कि एसआईआर से संबंधित नोटिस, दावे एवं आपत्तियों तथा फोटो अपडेट करने सहित सभी कार्य 20 नवंबर 2026 तक पूरे किए जाने हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को निर्धारित है।

डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना आवश्यक है। इसके लिए प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से संबंधित मतदाताओं को जागरूक करें तथा उन्हें गणना प्रपत्र भरकर जमा करवाने में सहयोग प्रदान करें।

बैठक में बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सीटीएम ज्योति नागपाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, बीएलए एवं अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें