हरियाणा कांग्रेस 12 से 24 नवंबर तक प्रदेशव्यापी ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ चौपाल अभियान शुरू करेगी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रदेश का समूचा वरिष्ठ नेतृत्व अभियान में होगा शामिल

चंडीगढ़, 11 नवंबर, 2026 : लोकतंत्र की रक्षा, जनता के मतदान के अधिकारों की सुरक्षा और कथित चुनावी धांधली को बेनकाब करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रदेशव्यापी पहल करते हुए, हरियाणा कांग्रेस 12 नवंबर से 24 नवंबर, 2026 तक पूरे हरियाणा में गहन एवं व्यापक *‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ चौपाल अभियान शुरू करेगी।

हरियाणा के AICC प्रभारी श्री संजय दत्त तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री राव नरेंद्र सिंह दो सप्ताह तक प्रदेश के व्यापक दौरे पर रहेंगे और विभिन्न जिलों में आयोजित चौपालों में भाग लेकर सीधे जनता से संवाद करेंगे। इन चौपालों के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी निष्पक्षता की रक्षा के लिए जनमत तैयार किया जाएगा तथा आम जनता को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।

हरियाणा के संदर्भ में इस अभियान का विशेष महत्व है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने 2024 के विधानसभा चुनावों की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का स्पष्ट आरोप है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में आए जनादेश को सुनियोजित चुनावी हेराफेरी और ‘वोट चोरी’ की साजिश के माध्यम से पलट दिया गया तथा इसका राजनीतिक लाभ भाजपा को पहुंचाया गया। नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी द्वारा बाद में संदिग्ध मतदाता प्रविष्टियों, डुप्लीकेट वोटरों, संदेहास्पद पतों तथा मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर मिली अनियमितताओं से संबंधित तथ्यों और खुलासों ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर उठ रहे सवालों को और गंभीर बना दिया है।

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि उनके नेतृत्व में चुनाव आयोग चुनाव संबंधी मामलों में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में विफल रहा है। आयोग की कार्यप्रणाली तथा भाजपा के राजनीतिक हितों के प्रति उसकी कथित निकटता को लेकर भी गंभीर प्रश्न खड़े हुए हैं।

‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ चौपाल अभियान महज जनसभाओं की एक श्रृंखला नहीं होगा, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई को सीधे जनता के बीच ले जाने का एक व्यापक जनआंदोलन होगा। इन चौपालों के माध्यम से कांग्रेस कथित चुनावी अनियमितताओं को जनता के सामने उजागर करेगी, मतदाता सूचियों में हेराफेरी के खतरों के प्रति नागरिकों को जागरूक करेगी तथा प्रत्येक नागरिक के मौलिक लोकतांत्रिक मतदान अधिकार की रक्षा के लिए प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान खड़ा करेगी।

कांग्रेस पार्टी की प्रमुख मांगें होंगी कि मनमाने और संदेहास्पद तरीके से चलाए जा रहे SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान पर तत्काल रोक लगाई जाए, ‘वोट चोरी’ के आरोपों की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, मतदाता सूचियों से गलत तरीके से हटाए गए सभी पात्र मतदाताओं के नाम तत्काल बहाल किए जाएं तथा इस पूरी प्रक्रिया के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए। कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक जांच की मांग को भी दोहराएगी।

इस अभियान का उद्देश्य पूरी तरह स्पष्ट है : हर वोट सुरक्षित हो, हर मतदाता का सम्मान हो और चुनाव आयोग राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त होकर स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कार्य करे।

इस प्रदेशव्यापी अभियान में हरियाणा कांग्रेस का समूचा वरिष्ठ नेतृत्व सक्रिय रूप से भाग लेगा। नेता प्रतिपक्ष श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, AICC महासचिव कुमारी शैलजा जी एवं श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला, CWC स्थायी आमंत्रित सदस्य श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा तथा हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह, श्री धर्मपाल मलिक, श्री अशोक तंवर एवं श्री उदयभान इन चौपालों में सक्रिय भागीदारी करेंगे।

इसके अतिरिक्त, कांग्रेस पार्टी के सांसद, विधायक, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद एवं विधायक, विभिन्न अग्रिम संगठनों, प्रकोष्ठों एवं विभागों के अध्यक्ष और पदाधिकारी तथा प्रदेशभर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी इस प्रदेशव्यापी अभियान में शामिल होंगे।

इस अभियान के माध्यम से ‘वोट बचाओ – देश बचाओ’ का संदेश हरियाणा के प्रत्येक जिले, ब्लॉक, गांव और घर तक पहुंचाया जाएगा। लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के इस संघर्ष में समाज के सभी वर्गों के लोगों को एकजुट किया जाएगा।

*जब जनता द्वारा अपनी सरकार चुनने के अधिकार पर ही सवाल खड़े होने लगें, तब लड़ाई केवल किसी एक राजनीतिक दल या एक चुनाव तक सीमित नहीं रह जाती, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की बुनियाद को बचाने की लड़ाई बन जाती है। हरियाणा कांग्रेस इस संघर्ष को तब तक पूरी मजबूती से आगे बढ़ाती रहेगी, जब तक चुनावी निष्पक्षता बहाल नहीं होती, जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती और प्रत्येक वोट की पवित्रता एवं गरिमा सुरक्षित नहीं हो जाती।*

लोकतंत्र बचाओ। वोट बचाओ। संविधान बचाओ।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें