युवाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर निखारकर जीवन में बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए किया प्रेरित- तेजपाल तंवर
‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ थीम पर आयोजित महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन
जिला युवा महोत्सव के समापन समारोह में विधायक मुकेश शर्मा होंगे मुख्य अतिथि

गुरुग्राम, 19 नवंबर- युवा अपनी प्रतिभा और हुनर को पहचानें, उसे निखारें और जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करें। युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। यह बात सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने वीरवार को सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जिला युवा महोत्सव युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। हरियाणा की धरती प्रतिभाओं की धरती है। यहां के युवाओं ने खेल, शिक्षा, विज्ञान, कला और सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। ऐसे आयोजन इस सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके साथ कौशल, अनुशासन भी जरूरी है। आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार के योग्य बनाने के साथ उनके लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार क्षेत्र चुनने तथा उसमें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
तेजपाल तंवर ने कहा कि प्रतियोगिता में जीतना अच्छी बात है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है उसमें भाग लेना, कुछ नया सीखना और अपनी प्रतिभा को लगातार बेहतर बनाना। मंच पर आकर अपनी प्रस्तुति देने वाला प्रत्येक प्रतिभागी बधाई का पात्र है। उन्होंने युवाओं को पूरे उत्साह, आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने शिक्षकों और संस्थान के कर्मचारियों से भी कहा कि वे विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनके हुनर को निखारने और बेहतर भविष्य बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत का युवा आत्मनिर्भर और कौशल संपन्न बने तथा अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर देश की प्रगति में भागीदार बने। युवाओं को शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और तकनीकी प्रशिक्षण पर भी ध्यान देना चाहिए, ताकि वे रोजगार प्राप्त करने के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकें। देश और प्रदेश में युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। युवा अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र का चयन कर पूरी लगन और अनुशासन के साथ मेहनत करें। खेल, शिक्षा, कला, तकनीक, सेना, जिस भी क्षेत्र में वे आगे बढ़ना चाहते हैं, उसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन का लक्ष्य रखें। युवाओं की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ प्रदेश और देश का गौरव भी बढ़ेगा तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।
महोत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः 4,100, 3,100 और 2,100 रुपये की नकद राशि दी जाएगी। जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय महोत्सव में गुरुग्राम का प्रतिनिधित्व करेंगे तथा चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव का समापन शुक्रवार को गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा करेंगे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 की प्राचार्या सुनीता ढाका, अप्रेंटिसशिप एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. संतोष कुमारी, राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम के प्रधानाचार्य सुनीत वत्स, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोहना की प्रधानाचार्या सोनिका तक्षक तथा राजकीय मॉडल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षक, अधिकारी और युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।









