पाँच वर्षीय ध्रुव की तपस्या से प्रसन्न श्रीहरि ने दिया अटल ध्रुवलोक का वरदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कार्टरपुरी की कामधेनु धाम गौशाला में आचार्य अमरेन्द्र दास ने सुनाई ध्रुव कथा, विदुषी बेला पारिक ने बताई गौ सेवा की महिमा, 96 वर्षीय स्वामी पूर्णानन्द ने गाए गौ भजन

गुरुग्राम। कार्टरपुरी स्थित कामधेनु धाम गौशाला में श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव के दौरान आचार्य अमरेन्द्र दास ने भक्तराज ध्रुव की कथा सुनाई। श्रीमद्भागवत महापुराण के चतुर्थ स्कन्ध का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि पाँच वर्ष की आयु में ध्रुव ने कठोर तपस्या की। उनकी अटूट भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान श्रीहरि विष्णु ने उन्हें दर्शन दिए और अटल ध्रुवलोक का वरदान दिया। आचार्य ने कहा कि बालक ध्रुव का जीवन श्रद्धा और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देता है।

दूसरी व्यासपीठ से विदुषी बेला पारिक दीदी ने श्रीकृष्ण की गोचारण लीला और गोवर्धन धारण का प्रसंग सुनाया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन में गायों के प्रति गहरा स्नेह दिखाई देता है और गौ सेवा उसी करुणा को अपने आचरण में उतारने का मार्ग है। तीसरी व्यासपीठ से गोवर्धन से आए 96 वर्षीय स्वामी पूर्णानन्द महाराज ने गौ माता की महिमा पर भजन सुनाए। उनके गायन से श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

108 कुण्डीय महायज्ञ में सवा करोड़ सुरभि मंत्रों से आहुति का संकल्प

कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी कथावाचक पं. अमर चन्द भारद्वाज ने बताया कि देश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना से गौशाला में प्रतिदिन सुबह 10 से 11 बजे तक 108 कुण्डीय वैदिक महायज्ञ हो रहा है। यज्ञाचार्य पं. राहुल मिश्रा के नेतृत्व में मथुरा-वृन्दावन और काशी से आए विद्वान ब्राह्मणों ने सवा करोड़ सुरभि मंत्रों के उच्चारण के साथ आहुतियाँ अर्पित करने का संकल्प लिया है। भारद्वाज ने बताया कि श्रद्धालु प्रतिदिन कथा सुनने और यज्ञ में भाग लेने पहुँच रहे हैं।

इस अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव पुरुषोत्तम दास सोनी, बलजीत यादव, हीरालाल, सुभाष सोनी, उदय प्रकाश बालिया, जयदेव, जयपुर से मनोज गोयल, तक्षशिला निवासी कल्याण संघ के अध्यक्ष राम निवास कटारिया, महासचिव संजय मलिक, संस्कृत भारती हरियाणा न्यास के प्रान्तीय मंत्री प्रमोद शास्त्री और विभाग संयोजक प्रवेश कौशिक सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें