गुरुद्वारा रोड से अग्रवाल धर्मशाला चौक तक अतिक्रमण का कब्जा, प्रशासन की चुप्पी से जनता बेहाल: गुरिंदरजीत सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेहड़ियों और शोरूम की पार्किंग ने निगली सड़क, सदर बाजार में रोजाना जाम से व्यवस्था की खुली पोल*

कागजों में अतिक्रमण हटाने का दावा, सड़कों पर फिर सजती रेहड़ियां—आखिर किसके संरक्षण में चल रहा खेल?

स्कूल के 100 मीटर दायरे में तंबाकू-सिगरेट की बिक्री पर सवाल, पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली कठघरे में: गुरिंदरजीत सिंह

सदर बाजार में अतिक्रमण का साम्राज्य, प्रशासन की अनदेखी से रोजाना जाम में पिस रही जनता: गुरिंदरजीत सिंह

गुरुग्राम। समाजसेवी व हरजीत संगठन के अध्यक्ष इंजीनियर गुरिंदरजीत सिंह (अर्जुन नगर) ने बताया कि सदर बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और प्रशासनिक लापरवाही ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह बदहाल कर दिया है। ट्रंक मार्केट, कमला नेहरू पार्क के बाहर, सिद्धेश्वर चौक से अग्रवाल धर्मशाला चौक और गुरुद्वारा रोड तक रोजाना लगने वाला जाम प्रशासन के दावों की पोल खोल रहा है।

गुरिंदरजीत सिंह ने तीखे शब्दों में कहा कि रेहड़ियों और खोखों ने सड़कों पर कब्जा जमा रखा है, वहीं शोरूम संचालकों की गाड़ियां सड़क को निजी पार्किंग समझकर खड़ी रहती हैं। नतीजा यह है कि आम नागरिक, व्यापारी और स्कूली बच्चे रोजाना जाम की परेशानी झेलने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल कागजी साबित हो रही है। पीक टाइम आते ही रेहड़ियां दोबारा सड़कों पर सज जाती हैं। ट्रंक मार्केट में 4-5 रेहड़ियों और एक विवादित खोखे के कारण सड़क बाधित रहती है। गंभीर बात यह है कि स्कूल के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू और सिगरेट की बिक्री भी हो रही है।

गुरिंदरजीत सिंह ने सवाल किया कि रोज इसी रास्ते से गुजरने वाले अधिकारी और पुलिसकर्मी क्या इस अव्यवस्था से अनजान हैं?

उन्होंने मांग की कि अग्रवाल धर्मशाला चौक से सिद्धेश्वर चौक तक अतिक्रमण हटाया जाए, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई हो और रेहड़ियों-खोखों को निर्धारित स्थानों पर भेजा जाए। उन्होंने चेताया कि अब केवल दिखावटी कार्रवाई नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए, अन्यथा जनता की परेशानी और बढ़ेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें