डीसी उत्तम सिंह ने की प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा
समीक्षा बैठक में डीसी ने दिए निर्देश अगले 15 दिनों में ग्राउंड पर एक्शन दिखाए सभी विभाग

गुरुग्राम, 19 नवंबर। प्रदूषण नियंत्रण को लेकर गुरुग्राम जिला में सभी विभाग जीरो टॉलरेंस पर कार्य करें। कचरा जलाने, इंडस्ट्रीज वेस्ट को खुले में डालने, सीएंडडी वेस्ट व ग्रैप की पाबंदियों के उल्लंघन के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए। डीसी उत्तम सिंह ने यह निर्देश गुरुवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
सर्वोच्च न्यायालय और सीएक्यूएम प्रदूषण नियंत्रण को लेकर गंभीर
उत्तम सिंह ने कहा, गुरुग्राम सहित एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सर्वोच्च न्यायालय और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) बेहद गंभीर है। ऐसे में ग्रैप के अलग अलग चरणों से जुड़ी पाबंदियां और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े सभी आवश्यक कार्यों को लेकर गंभीरता से कार्य होना चाहिए। उन्होंने बीते दिनों में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करेगा तो उसके खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, अगर कोई कर्मचारी खुद भी कूड़ा जलाए तो उसके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाए। साथ ही सभी अधिकारी मीडिया व सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों को लेकर भी अलर्ट रहे।
नियंत्रण के लिए इंफोर्समेंट में तेजी लाए
डीसी ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एचएसआईआईडीसी, डीटीपी, नगर निगम मानेसर व गुरुग्राम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े मामलों को लेकर फील्ड में अधिक से अधिक एक्टिव रहा जाए साथ ही इंफोर्समेंट में तेजी लाई जाए। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम के उत्तर व दक्षिणी कार्यालयों द्वारा इस अवधि में 63 स्थानों की जांच की गई और उल्लंघन मिलने पर 9 यूनिट को बंद कराया गया और 7 डीजी सेट के चालान किए गए। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जांच के मामलों में तेजी लाई जाए और अधिक से अधिक सख्ती की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी अपनी गतिविधियों के बारे में एक निर्धारित परफॉर्मा में अपनी रिपोर्ट उनके कार्यालय में भिजवाएंगे।
नगर निगम, गुरुग्राम ने किए 902 चालान
नगर निगम, गुरुग्राम के एडिशनल कमिश्नर रविन्द्र यादव ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि ग्रैप अवधि के दौरान उनके एरिया में उल्लंघन मिलने पर 902 चालान किए गए। जोकि कूड़ा जलाने, डस्ट कंट्रोल, सीएनडी वेस्ट, बिना ढके निर्माण सामग्री का परिवहन आदि से संबंधित थे। वहीं, नगर निगम, मानेसर के ज्वाइंट कमिश्नर पुनीत कुमार ने अपने एरिया से जुड़ी गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। डीसी ने सभी अधिकारियों को इंस्पेक्शन और एक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 5 से 20 नवंबर तक जिन भी पाबंदियों को लेकर निर्देश मिले थे, अगर भविष्य में यह अवधि बढ़ती है वर्क फ्रॉम होम को लेकर पहले से ही सख्ती बरती जाए।
इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, एसीपी सत्यपाल यादव, नगर निगम गुरुग्राम के एसई कृष्ण कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (साउथ) के आरओ हरीश शर्मा, नॉर्थ से एईई कामेश, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सचिन भाटी, डिप्टी डीईओ गीता आर्य, दीप्ति बोकन, एटीपी आँचल सहित दमकल व अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








