विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं का लिया जायजा, व्यवस्थाओं में सुधार के लिए दिए आवश्यक सुझाव

गुरुग्राम, 19 नवंबर। हरियाणा मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष जस्टिस ललित बत्रा ने गुरुवार को गुरुग्राम के गांव बहरामपुर स्थित एआईसीबी कैप्टन चंदन लाल दृष्टिबाधित मिडिल स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं, शिक्षण संसाधनों और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जस्टिस ललित बत्रा ने विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों की शिक्षा, प्रशिक्षण और दैनिक गतिविधियों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। विद्यालय की प्रिंसिपल नीना रानी ने अध्यक्ष को संस्थान में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि विद्यालय में आठवीं कक्षा तक दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर प्रशिक्षण और अन्य आवश्यक कौशल सिखाने की व्यवस्था भी की गई है। विद्यालय में विशेष शिक्षकों सहित विद्यार्थियों के लिए छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध है।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने कक्षाओं, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी और विज्ञान कक्ष का अवलोकन किया। कंप्यूटर लैब में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए उपलब्ध कंप्यूटरों की व्यवस्था देखी। शिक्षक सलमान ने बताया कि विद्यार्थियों को माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, एक्सेल, नोटपैड और टाइपिंग सहित कंप्यूटर के विभिन्न उपयोगों का प्रशिक्षण दिया जाता है। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी सीखने की क्षमता और गतिविधियों का प्रदर्शन किया।
अध्यक्ष ने लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों और ब्रेल लिपि के माध्यम से पढ़ाई के लिए इस्तेमाल किए जा रहे विशेष उपकरणों का भी जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के छात्रावास, लिविंग रूम, मेस और रसोईघर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान छात्रावास के कमरों में आवश्यक सुधार करने, रसोईघर में आटा लगाने की मशीन उपलब्ध करवाने तथा डॉर्मेटरी एवं बरामदे में सीसीटीवी कैमरे लगाने के सुझाव दिए। अध्यक्ष श्री ललित बत्रा ने इसके उपरांत जगन्नाथ आश्रम का दौरा कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सुप्रिया तथा जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष उषा कोहली भी उपस्थित रहीं।








