लक्ष्मीबाई और इंदिरा का संघर्ष 21वीं सदी की महिलाओं की प्रेरणा : पर्ल चौधरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पर्ल चौधरी ने कहा, 19वीं सदी की महारानी लक्ष्मीबाई और 20वीं सदी की इंदिरा गांधी का संघर्ष लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश देता है।

गुरुग्राम, 19 नवंबर 2026 – आज गुरुग्राम में जिला महिला कांग्रेस की ओर से महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी एवं नवनियुक्त गुरुग्राम जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा हुड्डा कटारिया ने महिला कांग्रेस की साथियों के साथ प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई जी की 198वीं जयंती एवं स्वतंत्र भारत की प्रथम और एकमात्र महिला प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रीमती इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए

इस अवसर पर दोनों महान महिलाओं के जीवन, संघर्ष, साहस, राष्ट्र के प्रति समर्पण और बलिदान को याद करते हुए 21वीं सदी की महिलाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती पर्ल चौधरी ने कहा कि 19वीं सदी में महारानी लक्ष्मीबाई ने अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती देकर भारत की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। वहीं 20वीं सदी में श्रीमती इंदिरा गांधी ने अपने साहसिक और निर्णायक नेतृत्व से भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाई। 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक विजय ने दुनिया का भूगोल बदल दिया था और बांग्लादेश का जन्म उनके दृढ़ नेतृत्व का प्रमाण है।

पर्ल चौधरी ने कहा, “19वीं सदी की लक्ष्मीबाई ने हमें अन्याय और पराधीनता के विरुद्ध लड़ना सिखाया। 20वीं सदी की इंदिरा गांधी ने हमें निर्णय लेने और राष्ट्र का नेतृत्व करने का साहस दिया। अब 21वीं सदी की महिलाओं की जिम्मेदारी है कि वे इन दोनों महान महिलाओं की विरासत को आगे बढ़ाते हुए लोकतंत्र, संविधान और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आएं।”**

आज देश में लोकतंत्र और जनता के मताधिकार की रक्षा की लड़ाई चल रही है : पर्ल चौधरी

पर्ल चौधरी ने कहा कि आज देश एक बार फिर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के जनादेश और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल खड़े कर रही है।

उन्होंने कहा, ” 2040 हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर ‘द रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ की खोजी रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों ने लोकतंत्र की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विशेष रूप से गुरुग्राम जिले की पटौदी और बादशाहपुर विधानसभा सीटों को लेकर सामने आए खुलासों ने चुनावी अनियमितता के स्पष्ट साक्ष्य दिए हैं कि भाजपा ने जनता के जनादेश का अपहरण किया है। इन आरोपों की निष्पक्ष जांच और चुनाव आयोग की जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।”**

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त नागरिक अधिकार और जनता की संप्रभुता की अभिव्यक्ति है। यदि मतदाता के अधिकार और जनादेश की पवित्रता पर प्रश्नचिह्न लगता है, तो लोकतंत्र की बुनियाद कमजोर होती है।

“रानी लक्ष्मीबाई ने विदेशी शासन से भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया था। इंदिरा गांधी ने स्वतंत्र भारत को सशक्त बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। आज हमारी जिम्मेदारी है कि हम उस स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करें, जिनके लिए हमारे पूर्वजों ने अनगिनत बलिदान दिए।”

26 नवंबर को पंचकूला में संविधान रक्षा मार्च में शामिल हों महिलाएं

पर्ल चौधरी ने आगामी 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर पंचकूला में आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च में हरियाणा की महिलाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “26 नवंबर केवल संविधान को याद करने का दिन नहीं, बल्कि उसके मूल्यों, लोकतंत्र, समानता, न्याय और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराने का दिन है। मैं हरियाणा प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों से आह्वान करती हूं कि वे पंचकूला में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में शामिल होकर लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।”

उन्होंने कहा कि आज की महिलाओं को केवल इतिहास की महान वीरांगनाओं की गाथाएं सुनने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके साहस और संघर्ष को अपने जीवन में उतारना चाहिए।

“21वीं सदी की महिला के एक हाथ में शिक्षा की कलम और दूसरे हाथ में संविधान की शक्ति होनी चाहिए। आज की लक्ष्मीबाई अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाएगी और आज की इंदिरा गांधी पंचायत से संसद तक देश का नेतृत्व करेगी।”

इस अवसर पर गुरुग्राम जिला महिला कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती सीमा हुड्डा कटारिया ने कहा कि महिला चौपाल का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें संगठन से जोड़कर नेतृत्व के अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जिले में महिला कांग्रेस को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से 26 नवंबर के संविधान रक्षा मार्च में भागीदारी का आह्वान भी किया।

कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई और पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।

पर्ल चौधरी ने अपने संबोधन का समापन करते हुए कहा:

“19वीं सदी में लक्ष्मीबाई ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया, 20वीं सदी में इंदिरा गांधी ने देश को सशक्त नेतृत्व दिया। अब 21वीं सदी की महिलाओं को भारत के संविधान, लोकतंत्र और अपने मताधिकार की रक्षा का नेतृत्व करना होगा। यही इन दोनों महान महिलाओं को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें