सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का दिया संदेश
विद्यार्थियों ने कूड़ा न जलाने, पौधारोपण करने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की ली शपथ

गुरुग्राम, 19 नवंबर। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा युवाओं को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुग्राम विश्वविद्यालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों और इसे नियंत्रित करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
निगम पार्षद सोनिया यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बढ़ते वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाकर भी प्रदूषण को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करें। युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही गुरुग्राम को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन पर स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिंदुस्तानी एवं आईईसी विशेषज्ञ प्रिंका यादव ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को ‘प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम’ बनाने की शपथ दिलाई। सभी ने खुले में कूड़ा न जलाने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का संकल्प लिया।









