*डॉ. एम. एस. मलिक ने वैज्ञानिक खोजों, औषधि निर्माण और मानव जीवन में रसायन विज्ञान की उपयोगिता पर डाला प्रकाश*

हिसार – वानप्रस्थ सीनियर सिटीज़न्स क्लब में रसायन विज्ञान की रोचक दुनिया, नोबेल पुरस्कार 2026 तथा भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान पर एक ज्ञानवर्धक व्याख्यान आयोजित किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. एम. एस. मलिक ने सरल, रोचक और संवादात्मक शैली में विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को समझाते हुए दैनिक जीवन में रसायन विज्ञान की महत्ता पर प्रकाश डाला।
डॉ. मलिक ने नोबेल पुरस्कार के इतिहास, उद्देश्य और अल्फ्रेड नोबेल की दूरदर्शिता के बारे में बताते हुए कहा कि रसायन विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, औषधियों, कृषि, उद्योग और हमारे दैनिक जीवन से गहराई से जुड़ा है।
व्याख्यान का प्रमुख आकर्षण वर्ष 2026 के रसायन विज्ञान नोबेल पुरस्कार विजेताओं हेनरी बी. कागन और केंसो सोआई के शोध कार्यों की व्याख्या रहा। डॉ. मलिक ने असममित कार्बनिक संश्लेषण, आणविक चिरलता, उत्प्रेरण और ऑटोकैटलिसिस जैसी जटिल अवधारणाओं को चित्रों, मॉडलों और सरल उदाहरणों से समझाया। आणविक चिरलता को समझाते हुए उन्होंने दाएँ और बाएँ हाथ का उदाहरण दिया। दोनों हाथ एक-दूसरे के प्रतिबिंब तो हैं, लेकिन एक-दूसरे पर पूरी तरह नहीं रखे जा सकते। इसी प्रकार कुछ अणुओं की संरचना में भी दाएँ और बाएँ रूप होते हैं। उन्होंने बताया कि अणुओं की इस भिन्नता का औषधियों के प्रभाव और सुरक्षा पर विशेष असर पड़ता है। इन खोजों का बेहतर औषधियों के निर्माण तथा जीवन की उत्पत्ति से जुड़े वैज्ञानिक रहस्यों को समझने में भी महत्व है।

उन्होंने भारत के महान वैज्ञानिकों मेघनाद साहा, होमी जे. भाभा, सत्येंद्र नाथ बोस, उपेंद्रनाथ ब्रह्मचारी, जी. एन. रामचंद्रन और टी. आर. शेषाद्रि के योगदान को भी याद किया। भारत में विकसित गर्भनिरोधक औषधि सेंटक्रोमन (ऑर्मेलॉक्सिफेन) का उदाहरण देते हुए उन्होंने इसकी खोज, रासायनिक संरचना, कार्यप्रणाली और चिकित्सीय उपयोगों की जानकारी दी। इससे उन्होंने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिक अनुसंधान किस प्रकार आम आदमी के जीवन को बेहतर बनाने में सहायक होता है।
डॉ. मलिक ने सदस्यों को चर्चा में सक्रिय रूप से शामिल किया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। व्याख्यान को और रोचक बनाते हुए उन्होंने शास्त्रीय संगीत आधारित गीत “किन बैरन ने कान भरे, मोरा पिया मोसे बोलत नाहीं” भी प्रस्तुत किया, जिसका सदस्यों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
इससे पूर्व क्लब के महासचिव डॉ. जे. के. डांग ने स्वागत करते हुए कहा कि विज्ञान की नई उपलब्धियों से परिचित कराने वाले ऐसे आयोजन सीखने और जिज्ञासा बढ़ाने का अच्छा अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष ढिल्लों ने किया। उन्होंने बताया कि डॉ. मलिक चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। उनके 60 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं तथा दो पेटेंट उनके नाम हैं। उन्होंने कैलिफोर्निया से पोस्ट-डॉक्टोरल शोध किया है और वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रसायन विज्ञान के विद्यार्थियों को पढ़ाते हैं।
चर्चा में श्री अजीत सिंह, डॉ. ए. एल. खुराना, डॉ. पुष्पा खरब, डॉ. उमा आहूजा और जे. के. डांग सहित अनेक सदस्यों ने भाग लिया। अंत में क्लब प्रधान डॉ. एस. के. अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. मलिक ने जटिल वैज्ञानिक विषय को अत्यंत सरल और रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। सदस्यों ने उनके ज्ञानपूर्ण एवं प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।









