अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में नहीं लगेगा स्थायी मलबा निस्तारण प्लांट, जमा सीएंडडी वेस्ट के निस्तारण के लिए होगा मोबाइल प्लांट का उपयोग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पार्क में अवैध रूप से डंप मलबे का मौके पर ही किया जाएगा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण

मलबे को दूसरी जगह ले जाने से पर्यावरण पर पड़ने वाले अतिरिक्त प्रभाव को रोकने के लिए लिया गया निर्णय

अवैध डंपिंग वाले रास्तों की पहचान कर सील करने की होगी कार्रवाई, पुलिस विभाग का भी लिया जा रहा सहयोग

गुरुग्राम, 19 नवंबर। अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क के पर्यावरण संरक्षण और वहां अवैध रूप से जमा निर्माण एवं तोड़फोड़ (सीएंडडी) वेस्ट के उचित निस्तारण को लेकर नगर निगम गुरुग्राम ने स्थिति स्पष्ट की है। निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में किसी स्थायी मलबा निस्तारण प्लांट की स्थापना नहीं की जा रही है। वहां पहले से अवैध रूप से डंप किए गए मलबे का निस्तारण करने के लिए केवल मोबाइल सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का उपयोग किया जाएगा।

नगर निगम के अनुसार, अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से बड़ी मात्रा में निर्माण एवं तोड़फोड़ का मलबा डंप किया गया है। इस प्रकार की गतिविधियां प्राकृतिक वातावरण और पर्यावरण के लिए नुकसानदायक हैं। पार्क की पर्यावरणीय महत्ता को ध्यान में रखते हुए वहां जमा मलबे का उचित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना आवश्यक है।

मौके पर ही मलबे का होगा निस्तारण

निगम ने बताया कि पार्क में जमा मलबे को वहां से उठाकर किसी दूसरी जगह ले जाना भी पर्यावरण की दृष्टि से अधिक हानिकारक हो सकता है। मलबे के परिवहन में अतिरिक्त वाहनों की आवाजाही और उससे जुड़े पर्यावरणीय प्रभावों को देखते हुए मोबाइल प्लांट के माध्यम से उसी स्थान पर मलबे का निस्तारण करने का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था के तहत मोबाइल प्लांट को मौके पर उपयोग में लाकर वहां जमा सीएंडडी वेस्ट का प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे मलबे को दूर किसी अन्य स्थान पर ले जाने की आवश्यकता कम होगी और पार्क में पहले से जमा अवैध मलबे को व्यवस्थित तरीके से हटाने में मदद मिलेगी।

नगर निगम का उद्देश्य स्पष्ट है कि पार्क में किसी नई स्थायी प्रसंस्करण इकाई की स्थापना किए बिना, वहां मौजूद मलबे का निस्तारण कर पर्यावरण को होने वाले अतिरिक्त नुकसान को रोका जाए।

अवैध डंपिंग के रास्तों की पहचान कर सील करने की कार्रवाई

नगर निगम गुरुग्राम केवल जमा मलबे के निस्तारण तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भी प्रभावी कदम उठा रहा है। निगम द्वारा उन रास्तों और प्रवेश बिंदुओं की पहचान की जा रही है, जिनका इस्तेमाल करके लोग अवैध रूप से मलबा पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में डंप करते हैं। ऐसे रास्तों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि दोबारा अवैध डंपिंग न हो सके। इस कार्य में नगर निगम द्वारा पुलिस विभाग का सहयोग भी लिया जा रहा है, जिससे निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अवैध सीएंडडी वेस्ट डंपिंग पर एमसीजी की लगातार निगरानी

नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में निर्माण एवं तोड़फोड़ से निकलने वाले मलबे के अवैध निस्तारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निगम का प्रयास है कि सीएनडी वेस्ट का निस्तारण निर्धारित प्रक्रिया और अधिकृत सुविधाओं के माध्यम से ही हो। सार्वजनिक और पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मलबा डंप करने की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की जा रही है।

नगर निगम गुरुग्राम का यह कदम अरावली बायोडायवर्सिटी पार्क के पर्यावरण संरक्षण, पहले से जमा अवैध मलबे के उचित निस्तारण और भविष्य में अवैध डंपिंग पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। निगम का प्रयास है कि प्राकृतिक क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए गुरुग्राम को स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जाए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें