वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए गुरुग्राम में तेज हुए प्रयास, नगर निगम ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री को दी जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खुले में कचरा जलाने पर रोक से लेकर सड़क की धूल नियंत्रण और सीएंडडी वेस्ट के निस्तारण तक किए जा रहे हैं ठोस प्रयास

ग्रेप के दौरान 902 चालान कर लगाया 63.47 लाख का जुर्माना, 246 धूल प्रभावित सड़कों पर की गई कार्रवाई

गुरुग्राम, 19 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों एवं विभिन्न उपायों की जानकारी वीरवार को केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा आयोजित वर्चुअल समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, निगमायुक्त डॉ. पंकज सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। यह बैठक दिल्ली – एनसीआर के लिए आयोजित की गई थी।

बैठक में खुले में कचरा एवं बायोमास जलाने पर रोक, सड़क की धूल नियंत्रित करने, ठोस कचरा एवं निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के उचित निस्तारण, प्रदूषण हॉटस्पॉट पर कार्रवाई, ग्रेप के प्रभावी क्रियान्वयन और जन-जागरूकता के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

नगर निगम द्वारा वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण के लिए प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ आधुनिक मशीनों, तकनीक आधारित निगरानी और नागरिक सहभागिता को भी प्राथमिकता दी जा रही है। समीक्षा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, शहर में सफाई व्यवस्था, सड़क धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और प्रदूषण रोकथाम के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

खुले में कचरा जलाने पर रोक के लिए सख्ती, सफाई कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण

नगर निगम द्वारा खुले में कचरा एवं बायोमास जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। जनवरी से नवंबर 2026 तक स्वच्छता संबंधी नियमों के उल्लंघन पर कुल 13,139 चालान किए गए तथा 2.82 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया।

अक्टूबर 2026 में सफाई कर्मचारियों को खुले में कचरा जलाने की रोकथाम के संबंध में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही 150 गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स पर एआई आधारित वॉयस-असिस्टेड कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सर्वे पूरा कर लिया गया है और डीपीआर तैयार की जा रही है। इन कैमरों की स्थापना का कार्य 20 दिसंबर 2026 से शुरू करने का प्रस्ताव है। तकनीक आधारित निगरानी से खुले में कचरा जलाने और अनधिकृत रूप से कचरा डालने की घटनाओं पर प्रभावी नजर रखी जा सकेगी।

290 किलोमीटर से अधिक सड़कों का पुनर्विकास, मशीनों से हो रही सफाई

सड़क की धूल वायु प्रदूषण का एक प्रमुख स्रोत है। इसे नियंत्रित करने के लिए नगर निगम द्वारा सड़क पुनर्विकास, मशीनी सफाई और नियमित पानी के छिड़काव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वर्ष 2026 में निर्धारित 494.92 किलोमीटर सड़क पुनर्विकास लक्ष्य के मुकाबले अक्टूबर तक 290.36 किलोमीटर सड़कों का कार्य पूरा किया जा चुका है।

शहर में 20 बड़ी मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों को जीपीएस एवं तीन कैमरों के माध्यम से लाइव मॉनिटरिंग से जोड़ा गया है। इन मशीनों का संचालन रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक किया जा रहा है। सभी रोड स्वीपिंग मशीनों, स्प्रिंकलर और कचरा वाहनों की निगरानी मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से की जा रही है। छह संयुक्त आयुक्त रात्रिकालीन निरीक्षण भी कर रहे हैं, ताकि सफाई एवं धूल नियंत्रण संबंधी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके।

इसके अतिरिक्त 19 ट्रक-माउंटेड एंटी-स्मॉग गन तथा 10,000 लीटर क्षमता वाले दो सीएनजी रोड वॉशर उपलब्ध हैं। आगे की कार्ययोजना के तहत 10 अतिरिक्त एंटी-स्मॉग गन और 16 रोड वॉशर की खरीद तथा 40 स्प्रिंकलर टैंकर किराये पर लेने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

बंधवाड़ी में 8.14 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण

ठोस कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और पुराने कचरे के पहाड़ को समाप्त करने की दिशा में भी नगर निगम द्वारा कार्य किया जा रहा है। बंधवाड़ी में कुल 15 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट में से 16 नवंबर 2026 तक 8.14 लाख मीट्रिक टन का निस्तारण किया जा चुका है। शेष 6.86 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण 14 फरवरी 2027 तक करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

सीएंडडी वेस्ट के निस्तारण के लिए भी बढ़ाई जा रही क्षमता

निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट के उचित प्रबंधन के लिए भी नगर निगम द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के दौरान पांच स्थानों से 1,73,903 मीट्रिक टन सीएंडडी वेस्ट उठाया गया है। लावारिस सीएंडडी वेस्ट के उठान के लिए 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और चार जेसीबी तैनात की गई हैं। समीक्षा में यह भी बताया गया कि बसई में 3,16,947 मीट्रिक टन लीगेसी सीएंडडी वेस्ट मौजूद है, जिसके निस्तारण के लिए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार काम किया जा रहा है।

सीएंडडी वेस्ट की बढ़ती जरूरत को देखते हुए 500 टन प्रतिदिन क्षमता के दो मोबाइल प्रोसेसिंग प्लांट स्वीकृत किए गए हैं और इनके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। इसके अतिरिक्त 400 टन प्रतिदिन क्षमता के दो अन्य मोबाइल प्लांट स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं। इन उपायों से सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण, परिवहन और प्रसंस्करण की व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

246 धूल प्रभावित सड़कों पर कार्रवाई, 34 ट्रैफिक जाम वाले स्थान चिन्हित

धूल प्रदूषण और यातायात जाम की समस्या को कम करने के लिए नगर निगम ने हॉटस्पॉट आधारित कार्ययोजना तैयार की है। जनवरी से अक्टूबर 2026 तक 500 किलोमीटर क्षेत्र में फैली 246 धूल प्रभावित सड़कों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा 31 अल्पकालिक और तीन दीर्घकालिक सहित कुल 34 ट्रैफिक जाम वाले स्थान चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से पांच का समाधान किया जा चुका है।

आईटीएमएस के प्रथम चरण के तहत 218 स्थानों पर 1,200 कैमरे लाइव किए गए हैं। ग्रेप अवधि के दौरान 30 वाटर स्प्रिंकलर किराये पर लिए गए हैं तथा 13 एंटी-स्मॉग गन के माध्यम से धूल नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं। इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य प्रदूषण के प्रमुख हॉटस्पॉट पर लक्षित कार्रवाई करना और सड़कों पर धूल के फैलाव को कम करना है।

ग्रेप के दौरान 902 चालान, 63.47 लाख का जुर्माना लगाया

ग्रेप के प्रावधानों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी नगर निगम द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। 21 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 के दौरान कुल 902 चालान किए गए और 63.47 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।

इस अवधि में पॉलिथीन उल्लंघन के 403, कचरा जलाने के 108, धूल नियंत्रण संबंधी आदेशों के उल्लंघन के 105 तथा सीएंडडी वेस्ट संबंधी 33 चालान किए गए। इसके अतिरिक्त हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा ग्रेप नियमों का पालन नहीं करने पर 10 बंदी आदेश जारी किए गए तथा 45 लाख रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया। आरएमसी प्लांटों के संबंध में 52 बंदी कार्रवाई की गई, 24 प्लांटों को ध्वस्त किया गया तथा 1.49 करोड़ रुपए का पर्यावरणीय मुआवजा वसूल किया गया।

नागरिकों एवं विद्यार्थियों को किया जागरूक

नगर निगम द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के लिए जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण आधार बनाया गया है। मिशन पॉल्यूशन-फ्री गुरुग्राम के तहत मार्च से सितंबर 2026 के दौरान नौ जागरूकता सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 800 से अधिक नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन सत्रों में खुले में कचरा न जलाने, वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘चेंज एजेंट’ के रूप में भी प्रोत्साहित किया गया, ताकि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को जागरूक कर सकें।

मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां बढ़ती आबादी एवं शहरी गतिविधियों के साथ स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना भी हमारी प्राथमिकता है। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खुले में कचरा जलाने, सड़कों पर धूल फैलने और कचरे के अनुचित निस्तारण जैसी गतिविधियों को रोकने के लिए सभी नागरिकों को जिम्मेदारी निभानी चाहिए। नगर निगम द्वारा किए जा रहे प्रयासों को और प्रभावी बनाने के लिए जनसहयोग एवं नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया जाएगा।

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। सड़क की मशीनी सफाई, पानी का नियमित छिड़काव, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन, एआई आधारित निगरानी और ग्रेप के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा उद्देश्य केवल प्रदूषण नियंत्रण के उपाय करना ही नहीं, बल्कि गुरुग्राम के नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें