संगठन की मजबूती के लिए निरंतर परिश्रम और समर्पण भाव से कार्य करें कार्यकर्ता : डॉ. अर्चना गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

: एसआईआर प्रक्रिया में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से न रहे वंचित : डॉ. अर्चना गुप्ता

: पात्र मतदाताओं की पहचान कर मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने में आवश्यक सहयोग करें कार्यकर्ता

: फतेहाबाद पहुंचने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का कार्यकर्ताओं ने किया आत्मीय स्वागत

फतेहाबाद, 19 नवंबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के निरंतर परिश्रम, सक्रियता और आपसी समन्वय से ही संगठन मजबूत होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनसंपर्क को और अधिक सशक्त बनाएं तथा पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए कार्य करें।

गुरुवार को सिरसा प्रवास के दौरान फतेहाबाद पहुंचने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. गुप्ता ने कार्यकर्ताओं के स्नेह और स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया तथा उनसे संगठनात्मक गतिविधियों और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर संवाद किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता का सक्रिय रहना आवश्यक है। कार्यकर्ता आपसी तालमेल के साथ संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाएं और आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है।

एसआईआर प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रक्रिया के दौरान पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष ध्यान दें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने से वंचित न रह जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने आसपास ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान करें, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है अथवा जो अपना नाम दर्ज करवाने से चूक गए हैं। ऐसे नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराएं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज हों। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस दिशा में सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।

इस अवसर पर जिला महामंत्री विकास लालोदा, जिला मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी, जिला उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा, सविता टुटेजा, विकास शर्मा, राधेश्याम नारंग, मुल्खराज चावला, डॉ. रणजीत ओड, सुनील मेहता, सुरेंद्र बिश्नोई, विजय जांगड़ा, परमजीत बैनीवाल, मंजीत शर्मा, जगदीप मोंगा और जगजीत हुड्डा सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें