मोखरा में गोली लगने से सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सुरक्षा अधिकारी की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ड्यूटी से घर लौटे थे सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, बहुअकबरपुर पुलिस ने शुरू की जांच

रोहतक, 19 नवंबर। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सुरक्षा में तैनात सहायक उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार (42) की बुधवार रात मोखरा गांव में अपने घर पर गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस आत्महत्या की आशंका की जांच कर रही है। गोली किन परिस्थितियों में चली, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

प्रदीप ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे। उस समय घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब नौ बजे परिजनों को छत पर बने कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। वे ऊपर पहुंचे तो प्रदीप घायल मिले। परिजन उन्हें तुरंत रोहतक के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बहुअकबरपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक दल ने कमरे का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कमरे में प्रदीप की सरकारी रिवॉल्वर मिली। शव पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया।

मोखरा निवासी प्रदीप वर्ष 2003 में हरियाणा पुलिस के कमांडो बैच में भर्ती हुए थे। वे लंबे समय से सांसद हुड्डा के निजी सुरक्षा अधिकारी के रूप में तैनात थे। उनके परिवार में एक बेटी और एक बेटा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें