विनोद बापना और सीए विजय गर्ग ने कहा—करदाताओं और कारोबारियों को मिलेगी राहत
गुरुग्राम (जतिन/राजा)। टैक्स ऑडिट रिपोर्ट और ऑडिट के अधीन मामलों में आयकर रिटर्न दाखिल करने की समयसीमा बढ़ाए जाने पर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) हरियाणा परिषद के वरिष्ठ सदस्य विनोद बापना तथा मारवाड़ी इंटरनेशनल फेडरेशन के संस्थापक महासचिव सीए विजय गर्ग ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) का आभार व्यक्त किया है।
दोनों की ओर से जारी बयान के अनुसार, सीबीडीटी की 28 सितंबर की प्रेस विज्ञप्ति में वित्त वर्ष 2025-26 से संबंधित आकलन वर्ष 2026-27 के लिए टैक्स ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने की तिथि 30 सितंबर से बढ़ाकर 21 अक्टूबर 2026 की गई है। वहीं, ऑडिट के अधीन मामलों में आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 किए जाने की जानकारी दी गई है।
विनोद बापना और सीए विजय गर्ग ने बताया कि उन्होंने करदाताओं एवं कर पेशेवरों की व्यावहारिक समस्याओं को लेकर वित्त मंत्री और सीबीडीटी को ज्ञापन भेजकर समयसीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त समय मिलने से कारोबारियों, लेखांकन टीमों और कर पेशेवरों को ऑडिट तथा रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी करने में मदद मिलेगी।
विनोद बापना ने कहा कि औद्योगिक और कारोबारी क्षेत्र से जुड़े होने के नाते उद्यमियों एवं करदाताओं की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना उनकी नैतिक जिम्मेदारी है। उनका उद्देश्य व्यापक स्तर पर करदाताओं की परेशानी कम करने और व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए वास्तविक स्थिति सरकार के संज्ञान में लाना था।
दोनों ने निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि समयसीमा में विस्तार से बड़ी संख्या में करदाताओं को राहत मिलेगी।








