कार्य सलाहकार समिति की बैठक 26 नवंबर को सुबह साढ़े दस बजे होगी, नौकरी की सुरक्षा और नियमितीकरण की मांग पर विस्तार व्याख्याताओं ने किया विधानसभा घेराव का ऐलान
चंडीगढ़, 24 नवंबर। हरियाणा विधानसभा के 26 नवंबर को होने वाले एकदिवसीय विशेष सत्र की रणनीति तय करने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने 25 नवंबर को चंडीगढ़ में अपने-अपने विधायक दल की बैठक बुलाई है। भाजपा की बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में होगी।
भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रदेश सरकार के दो साल के कामकाज, विकास कार्यों और उपलब्धियों की समीक्षा होगी। विधायक इस पर भी चर्चा करेंगे कि सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब कैसे दिया जाए। कांग्रेस विधायक दल अपनी बैठक में तय करेगा कि विशेष सत्र में किन मुद्दों को उठाया जाए। पार्टी कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और सरकार की नीतियों पर सवाल उठा सकती है।
विधानसभा की कार्य सलाहकार समिति की बैठक अब 26 नवंबर को सुबह साढ़े दस बजे होगी। पहले यह बैठक 25 नवंबर को इसी समय प्रस्तावित थी। इसमें विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल होंगे।
सत्र के दिन विस्तार व्याख्याताओं ने विधानसभा का घेराव करने की घोषणा की है। एक्सटेंशन लेक्चरर्स वेलफेयर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर सिंह के अनुसार, करीब दो हजार व्याख्याता नौकरी की सुरक्षा और सेवाओं के नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।









