1 दिसंबर को शाहबाद शुगर मिल के सामने कांग्रेस गन्ना किसानों के समर्थन में करेगी धरना-प्रदर्शन और हड़ताल: हुड्डा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में हुए कई अहम फैसले

चंडीगढ़, 25 नवंबर । एक दिसंबर को गन्ना किसानों के समर्थन में कांग्रेस शाहबाद शुगर मिल के सामने धरना-प्रदर्शन और हड़ताल करने जा रही है। यह जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दी।

हुड्डा चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। संविधान दिवस पखवाड़े को लेकर बुलाए गए एकदिवसीय विधानसभा के विशेष सत्र के संबंध में आयोजित विधायक दल की इस बैठक में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और पार्टी प्रभारी संजय दत्त भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

बैठक के बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि पार्टी के तमाम विधायक विशेष सत्र में हिस्सा लेंगे और अपनी बात रखेंगे। इसके साथ ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर पूरे देश में 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च के तहत हरियाणा कांग्रेस पंचकूला में मार्च करेगी।

पंचकूला सेक्टर 26 में होने वाले इस मार्च में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, कार्यकर्ता और आमजन हिस्सा लेंगे। विधानसभा की कार्यवाही से समय निकालकर पार्टी के विधायक भी उसमें शामिल होंगे।

पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। भाजपा और अकाली दल के गठबंधन का चुनाव पर कोई असर नहीं होगा। पंजाब की जनता ने अकाली दल-भाजपा और आम आदमी पार्टी सभी को आजमा लिया है। जनता को सभी से निराशा हाथ लगी है।

इसलिए पंजाब एक बार फिर कांग्रेस को मौका देने जा रहा है, क्योंकि कांग्रेस की सरकार ही प्रदेश का विकास कर सकती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें