गड्ढों, बंद पड़ी बत्तियों और कचरा उठान पर उठाए सवाल, मुख्यमंत्री से विपक्ष के साथ शहर का दौरा करने की मांग
गुरुग्राम, 24 नवंबर। गुरुग्राम शहर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे एक दिन विपक्ष के प्रतिनिधियों के साथ शहर का दौरा करें और लोगों से पूछें कि उनके इलाकों में क्या काम हुआ है। गुरुग्राम में अधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा था कि विकास कार्यों के वास्तविक परिणाम दिखने चाहिए। इस पर डावर ने सवाल उठाया कि प्रदेश में भाजपा को सत्ता में आए 12 साल से अधिक हो गए हैं, फिर भी शहर की सड़कों पर गड्ढे क्यों हैं, धूल क्यों उड़ रही है और सड़क की बत्तियां क्यों बंद पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बैठकों में लिए गए फैसलों पर अमल भी कराएं।
डावर ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए पानी के छिड़काव की व्यवस्था पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी कुछ चुनिंदा इलाकों में पानी छिड़कवा रहे हैं, जबकि सेक्टर-9 रोड, बसई रोड, पटौदी रोड, खांडसा रोड, एमजी रोड और पुरानी दिल्ली रोड पर लोगों को रोज धूल का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन सड़कों की हालत खुद देखने का आग्रह किया।
पुरानी रेलवे रोड के डिवाइडर का जिक्र करते हुए डावर ने आरोप लगाया कि वहां पहले बेतरतीब ढंग से टाइलें लगाई गईं और मामला सामने आने पर उन्हें हटा दिया गया। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का उदाहरण बताते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री संबंधित अधिकारियों से जवाब क्यों नहीं मांग रहे और उनके निलंबन की कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे।
कचरा उठान पर डावर ने कहा कि बेरी वाला बाग के पास कूड़े की दुर्गंध से आसपास के लोग रोज परेशान होते हैं। वहां आने वाले बड़े डंपरों से अक्सर जाम भी लगता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की गाड़ियां आज भी सभी इलाकों से कचरा नहीं उठातीं। अशोक विहार फेज-3 में कई जगह निगम की गाड़ियां पहुंचती ही नहीं हैं।









