26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंचकूला से शुरू होगा मार्च, कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का संदेश घर-घर और गांव-गांव पहुंचाने का आह्वान
फूलचंद मुलाना के परिजनों से मिलकर जताया शोक, प्रकाश पर्व पर जगाधरी के गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा, यमुनानगर मंडी में धरनारत किसानों को दिया समर्थन

चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को यमुनानगर और करनाल में संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों पर चर्चा की। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत यह मार्च 26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंचकूला से शुरू होगा। दोनों नेताओं ने जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर गांवों और मतदान केंद्रों तक पहुंचें, लोगों को अभियान का उद्देश्य समझाएं और मार्च में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करें।
प्रदेशभर में चल रहे जनसंपर्क अभियान के सिलसिले में ये बैठकें संजय दत्त के मार्गदर्शन और राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हुईं। इनमें मार्च की तैयारियों के साथ ही संगठन के विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
फूलचंद मुलाना के परिजनों से मिले, प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब में टेका माथा
बैठकों में शामिल होने से पहले संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह पूर्व मंत्री एवं हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय फूलचंद मुलाना के निवास पर पहुंचे। उन्होंने उनके पुत्र सांसद वरुण मुलाना और पुत्रवधू विधायक पूजा मुलाना से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक रवि जोशी, संजीव भारद्वाज, जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल और दुष्यंत चौहान भी उनके साथ थे। कांग्रेस नेताओं ने फूलचंद मुलाना के निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि मुलाना का लंबा राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति उनका समर्पण और कांग्रेस को मजबूत बनाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने जगाधरी स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे, सत्य और सेवा का संदेश दिया। ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ की उनकी सीख आज भी समाज को दिशा देती है। दोनों नेताओं ने कहा कि गुरु साहिब की शिक्षाएं भेदभाव से ऊपर उठकर समानता और न्याय पर आधारित समाज बनाने की प्रेरणा देती हैं।
इसके बाद दोनों नेताओं ने जगाधरी के विधायक चौधरी अकरम खान से मुलाकात कर संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विचार-विमर्श किया। वहां से वे इंटक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मार्च की तैयारियों के संबंध में निर्देश दिए।
संजय दत्त ने कहा, “26 नवंबर से शुरू होने वाला संविधान रक्षा मार्च इस गूंगी-बहरी सरकार की आंखें खोलने का काम करेगा।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता एकजुट होकर मार्च में शामिल होगा। दत्त ने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर जनता के मताधिकार पर चोट कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों से मनमाने ढंग से नाम काटना और लोगों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित करना संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। कांग्रेस मताधिकार पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं करेगी।
दत्त ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, मतदाता सूचियां पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से तैयार करने तथा अनुचित ढंग से काटे गए नाम दोबारा जोड़ने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मांगों के पूरा होने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का संदेश घर-घर और गांव-गांव पहुंचाने की जिम्मेदारी लें।
राव नरेंद्र सिंह ने संविधान रक्षा मार्च को लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का जनआंदोलन बताया। उन्होंने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अपनी सरकार चुनने का अधिकार दिया है। इन अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस एकजुट होकर अभियान को आगे बढ़ाएगी। जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर अधिक से अधिक लोगों को मार्च से जोड़ें।
यमुनानगर मंडी में किसानों को दिया समर्थन, करनाल में मतदान केंद्रों तक पहुंचने का आह्वान

यमुनानगर मंडी में धरनारत किसानों के बीच पहुंचे संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने चौधरी छोटू राम की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन को समर्थन दिया। दोनों नेताओं ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनके हकों की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों को खाद की उपलब्धता और फसलों के उचित दाम समेत खेती से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी जायज मांगों के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। सरकार किसानों की बात सुने और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
करनाल की बैठक में संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव और प्रत्येक मतदान केंद्र तक पहुंचकर लोगों को मताधिकार का महत्व समझाएं और उन्हें अभियान से जोड़ें। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस पर पंचकूला से शुरू होने वाला मार्च नागरिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प का प्रतीक बनेगा। इस संघर्ष में हरियाणा कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी भूमिका निभाएगा। दोनों नेताओं ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता को अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताया।
यमुनानगर की बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक रवि जोशी, विधायक चौधरी अकरम खान, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी, पूर्व विधायक चौधरी लहरी सिंह, जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह और नरपाल गुर्जर, रमन त्यागी, निर्मल चौहान, संजीव भारद्वाज, मोनिका डुमरा, प्रवीण राणा, ब्लॉक अध्यक्ष अख्तर अली, परमजीत, गुलजार, गुरदीप, लक्ष्मण विनायक और अमित सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
करनाल की बैठक में पूर्व विधायक बक्शीश सिंह, शमशेर सिंह गोगी, भीमसेन मेहता, धर्मपाल गोंदर और राकेश कंबोज, जिलाध्यक्ष पराग गाबा, दिव्यांशु बुद्धिराजा, संजीव भारद्वाज, तरुण चौहान, भूपेंद्र लाठर, गुरविंदर सिंह, बलराम रावल, धर्मपाल कौशिक, राजेश चौधरी, सतपाल, निर्मल सिंह, गुरविंदर कौर, सपना राणा, नवीन अरोड़ा, सुमित और रजत उपस्थित रहे। पार्टी के अनुसार, बैठक में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।








